Lok Sabha Elections 2024:संजय सेठ की दूसरी पारी का असली किरदार कौन!

रांची: सियासी बिसात में चाले सिर्फ सामने नहीं बिछाई जाती, कई खेल पर्दे के पीछे भी चलता है. शाह मात के इस जादूगरी में बाजी उसी के हाथ लगती है, जिसने अपने मोहरो को सही जगह और बेहतरीन अंदाज में सजाया है. थोड़ी सी चूक हुई नहीं की हाथ में आती दिख रही बाजी पलटने लगती है. 2024 के महासंग्राम में रांची के अखाड़े में यही देखने को मिला. जहां जमीन पर भाजपा विरोधी लहर तो नहीं, लेकिन संजय सेठ की कार्यप्रणाली से मतदाताओं के बीच एक उदासी जरुर पसरी नजर आ रही थी. पीएम मोदी की रैली के बावजूद शहरी मतदाताओं के बाहर इसका कोई व्यापक प्रभाव देखने को नहीं मिल रहा था. यहां तक कि शहरी मतदाताओं को बीच भी कई श्रेणियां बनती दिखलाई पड़ रही है, जहां शहरी मतदाताओं का एक हिस्सा आदिवासी समाज में पूर्व सीएम हेमंत की गिरफ्तारी के कारण भाजपा के प्रति आक्रोश की लहर थी, वहीं आदिवासी समाज का सबसे सुशिक्षित हिस्सा ईसाई समाज भी भाजपा को सबक सिखाने की मुद्रा में था, अल्पसंख्यक मतदाता तो पहले ही प्रधानमंत्री मोदी की तीसरी पारी पर विराम लगाने का संकल्प ले चुका था, इधर पिछड़ी और अगड़ी जाति के मतदाताओं का एक बड़ा हिस्सा भी संजय सेठ के उपलब्धियों से नाराज था, बावजूद इसके संजय सेठ अपनी दूसरी पारी में कामयाब रहें तो यह सिर्फ भाजपा का बूथ मैनेजमेंट का परिणाम नहीं था. कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी चयन में सामाजिक समीकरणों की अनदेखी भी इसका एक बड़ा कारण बना.

रामटहल चौधरी को लेकर कांग्रेस के अंदर का उहापोह

यहां ध्यान रहे कि लोकसभा चुनाव की रणभेरी बजते ही कांग्रेस के एक खेमे ने पूर्व सांसद रामटहल चौधरी का पार्टी में इंट्री करवायी, दावा किया जाता है कि इस मुहिम के पीछे लालचंद महतो के साथ ही प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जलेश्वर महतो और बंधु तिर्की की भूमिका थी, रामटहल चौधरी को रांची संसदीय सीट से पार्टी का उम्मीदवार बनाये जाने के आश्वासन के बाद ही कांग्रेसी पट्टा पहनाया गया था. लेकिन रांची फतह को लेकर जलेश्वर महतो और बंधु तिर्की के द्वारा जो मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा था, वह मास्टर प्लान कांग्रेस संगठन के शीर्ष पर काबीज पदाधिकारियों को हजम नहीं हो रहा था. यानि चुनाव के पहले ही प्रदेश संगठन दो फाड़ होती नजर आयी थी, अपनी तमाम कोशिश और सदइच्छा के बावजूद बंधु तिर्की और जलेश्वर महतो की नहीं चली. पार्टी संगठन पर काबिज सियासी सुरमाओं ने अपनी-अपनी सियासी गोटियां बिछानी शुरु कर दी, और हार दर हार का सामना करने के बावजूद सुबोधकांत अपनी सियासी महत्वाकांक्षा पर लगाम नहीं लगा सके. जमीनी कार्यकर्ताओं की भावनाओं को दरकिनार करते हुए अपनी बेटी यशस्विनी सहाय के लिए टिकट का जुगाड़ करने में सफल रहे. 

राहुल गांधी भी खा गयें गच्चा

खेल इस अंदाज में खेला गया कि जिसकी जितनी भागीदरी उसकी उतनी हिस्सेदारी का नारा लगाने वाले राहुल गांधी भी गच्चा खा गयें, और कांग्रेस ने अपने हिस्से की सात सीटों में चार पर अगड़ी जातियों को अपना चेहरा बना कर राहुल गांधी के नारे की हवा निकाला दी. खूंटी और लोहरदगा में आदिवासी चेहरा देना कांग्रेसी रणनीतिकारों की नेक नियती नहीं, बल्कि संवैधानिक विवशता थी. जब इस पर कोहराम शुरु हुआ, गोड्डा से लेकर चतरा तक विरोध की खबर आयी तो आनन-फानन में गोड्डा से प्रदीप यादव को मैदान में उतार कर इस आग को कम करने की कोशिश हुई, लेकिन तब तक खेल बिगड़ चुका था. अल्पसंख्यक समाज में अपनी उपेक्षा के कारण पहले ही नाराजगी पसर चुकी थी, और इधर रामटहल चौधरी के साथ जो सलूक हुआ, उसके कारण रांची संसदीय क्षेत्र में आने वाले 17 फीसदी कुर्मी मतदाताओं के बीच भी एक नाकारात्मक संदेश गया, इससे तो बेहतर होता कि रामटहल चौघरी को पार्टी में शामिल ही नहीं करवाया जाता, कम से पार्टी को इस फजीहत का सामना तो नहीं करना पड़ता. 

चुनाव परिणाम ही बयां कर रहा पूरी कहानी

अब जो चुनाव का नतीजा सामने हैं, वह पूरी कहानी खुद ही बंया कर रहा है. संजय सेठ को 45.9 फीसदी मत के साथ 6,64,732 और यशस्विनी सहाय को 37.6 फीसदी के साथ 5,44,220 वोट मिले है, लेकिन आश्चर्जनक रुप से अपनी पहली सियासी पारी खेल रहे देवेन्द्रनाथ महतो 9.2 प्रतिशत के साथ 1,32,647 वोट लेने में सफल रहा. इसका मतलब साफ है कि रामटहल चौधरी के साथ अपमानजनक व्यवहार के बाद कुर्मी मतदाताओं का एक बड़ा हिस्सा देवेन्द्रनाथ महतो की ओर से शिफ्ट हो गया. कुर्मी मतदाताओं के बीच यह संदेश बिल्कुल साफ गया कि भाजपा हो या कांग्रेस सिर्फ हमारा वोट लेना चाहती है. जबकि चेहरा बनाने की बात होती है, तो उसकी पहली पंसद अगड़ी जातियां होती है, सवाल यह भी उठ रहा था कि जिनकी आबादी पूरे रांची संसदीय सीट में महज दो फीसदी भी नहीं है, कांग्रेस उसे तो अपना चेहरा बनाती है, लेकिन “जिसकी भागीदारी उसकी उतनी हिस्सेदारी” के शोर के बावजूद कुर्मी सहित दूसरी पिछड़ी जातियों को सिर्फ मतदाता माना जाता है. चतरा, गोड्डा, धनबाद हो या फिर कोडरमा, कहीं भी हमारा चेहरा नजर नहीं आता, और जबकि दूसरी ओर प्रधानमंत्री मोदी का चेहरा था, जहां तमाम कमियों के बावजूद पिछडी जातियों को अपना चेहरा नजर आता है.

सामाजिक समीकरणों की उपेक्षा

इस प्रकार यह मानने में कोई हिचक नहीं है कि कांग्रेस रणनीतिकारों जिस तरीके से सामाजिक समीकरणों की उपेक्षा कर टिकटों का बंदरवाट किया, उसका नुकसान उठाना पड़ा. और इस असंतोष की बीच देवेन्द्रनाथ महतो जैसा एक नया खिलाड़ी भी अपने साथ 1,32,647 वोट ले गया, हालांकि यह आकलन का विषय है कि यदि देवेन्द्रनाथ की मौजूदगी नहीं होती तो यह वोट किधर जाता, लेकिन इतना तय था कि यदि संजय सेठ के मुकाबले रामटहल चौधरी का चेहरा होता तो यह 1,32,647 वोट कांग्रेस के पाले में तो आता ही, यह आंकड़ा और भी विस्तार ले सकता था, यानि बाजी भाजपा के हाथ से निकल भी सकती थी. कहा जा सकता है कि कांग्रेसी रणनीतिकारों ने अपनी-अपनी सियासी गोटी बैठाने की होड़ में सीट गंवा दिया.

क्या यशस्विनी सहाय भी कर सकती है यह चमत्कार

दावा किया जा सकता है कि यशस्विनी सहाय को भी 5,44,220 वोट मिले हैं, जो उसकी लोकप्रियता का प्रमाण है, लेकिन इस तर्क को आगे बढ़ाने के पहले यह भी परखना भी बेहद जरुरी है कि रांची संसदीय सीट में आदिवासी- मुस्लिम और इशाई समुदाय के मतदाताओं की संख्या कितनी है. यह वोट तो उसी सामाजिक समूहों का है, जो यशस्विनी सहाय के चेहरे के बजाय भाजपा के विरोध में खड़ी थी, यशस्विनी सहाय तो अपने चेहरे के बूते किसी नये सामाजिक समूह को अपने साथ जोड़ने में विफल साबित हुई. जबकि अपनी पहली ही पारी में बगैर किसी सियासी पहचान के देवेन्द्रनाथ महतो ने 1,32,647 वोट लाकर एक कीर्तिमान स्थापित कर दिया, क्या यही कारनामा यशस्विनी सहाय और संजय सेठ खुद अपने चेहरे के बूते कर सकते हैं, इसका सीधा जवाब है, नहीं. क्योंकि देवेन्द्रनाथ महतो के पास जो सामाजिक आधार है, वह इन दोनों में से किसी के पास नहीं है.

देवेन्द्रनाथ महतो रांची का उभरता सियासी सितारा

निश्चित रुप से देवेन्द्र नाथ महतो ने अपने पहले प्रयास में भी रांची में अपने चेहरे को स्थापित कर दिया है. और सियासी गलियारों में इसका आकलन शुरु भी हो चुका है. लेकिन कांग्रेस तो सही वक्त पर सही आकलन करने में चूक गयी. और उसे अपने हिस्से की सात में पांच सीट गंवाना पड़ा, क्योंकि इस बार कोई लहर नहीं थी, कोई बंबडर नहीं था, पूरा चुनाव सिर्फ सामाजिक समीकरणों को साधने का था. कांग्रेसी रणनीतिकारों से समझ यह आत्ममंथन का विषय है. और इसके साथ ही पूरे प्रदेश संगठन में फेरबदल की तत्काल जरुरत भी

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More