झारखंड के दुमका में लड़का और लड़की के शव पेड़ से लटके मिले

दुमका, 6 जून (आईएएनएस)। झारखंड के दुमका जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में गुरुवार को नाबालिग लड़के और लड़की के शव एक पेड़ पर लटके पाए गए। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे और आपस में रिश्तेदार भी थे।

मुफस्सिल थाने के एक पुलिस अफसर ने बताया कि ग्रामीणों ने अमडीहा बांध के पास पेड़ से लड़के-लड़की का शव लटके होने की सूचना दी। पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दोनों को उतारकर हॉस्पिटल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

आशंका व्यक्त की जा रही है कि यह प्रेम प्रसंग का मामला हो सकता है। दोनों ने आत्महत्या की या फिर उनकी हत्या कर शव पेड़ से लटका दिए गए, इसकी जांच की जा रही है। दोनों की उम्र 15-16 साल के आसपास बताई जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रिपोर्ट आने पर मौत के सही कारणों की जानकारी मिल सकेगी।

पुलिस परिजनों और गांव के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। पता चला है कि मृत लड़के की बड़ी बहन और लड़की के बड़े भाई की कुछ साल पहले लव मैरेज हुई थी और इसे लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद भी हुआ था। हालांकि, अब इन परिवारों के बीच रिश्ते सामान्य थे।

घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट आए। एसडीपीओ जेपीएन चौधरी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की है। दोनों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

–आईएएनएस

एसएनसी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More