कोडरमा: डेंगू एवं चिकनगुनिया को लेकर मिला प्रशिक्षण 

कोडरमा: राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी, वेक्टर जनित रोग, झारखण्ड रांची डाॅ बिरेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता एवं सिविल सर्जन कोडरमा डाॅ. अनिल कुमार की उपस्थिति में कार्यालय स्थित सभागार में सभी प्रखडों के एमपीडब्लू एवं शहरी क्षेत्र के सभी सहिया को डेंगू एवं चिकनगुनिया से संबंधित एकदिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। उक्त प्रशिक्षण में राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी ने बताया कि लोगों के स्वास्थ्य की देखभाल करना स्वास्थ्य विभाग की विशेष जिम्मेवारी है इसलिए डेंगू एवं चिकनगुनिया के प्रति विशेष जागरूकता  अति आवश्यक है।

यदि आपके आस पडोस में बुखार पीड़ित व्यक्ति पाये जाते हैं तो सर्वप्रथम उसकी जानकारी प्राप्त कर अपने नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में जाँच कराने हेतु प्रेरित करेंगे। कोई भी व्यक्ति जांच से वंचित न रहे यह भी सुनिश्चित करेंगे। इस निमित राज्य प्रशिक्षक सलाहकार विनय कुमार के द्वारा उपस्थित सभी प्रशिक्षणार्थियों को मच्छरों द्वारा होने वाली बीमारी डेंगू एवं चिकनगुनिया बीमारी के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी देते हुए बताया गया कि डेंगू के मच्छर बरसात के मौसम में जमे हुए साफ पानी में पनपते हैं। जिला भीबीडी पदाधिकारी डॉ मनोज कुमार ने बताया कि डेंगू एक जानलेवा बीमारी है और इसका कोई विशेष इलाज नहीं है।

डेंगू के लारवा एवं मच्छर घर में या घर के आसपास जमे हुए साफ पानी जैसे फ्रिज बंद पड़े कूलर टूटे-फूटे बर्तन नारियल के खोपड़े टायर फूलों के गमले इत्यादि में पनपते हैं। इसलिए अपने घर के आस-पास या इन सभी चीजों को में बरसात का पानी जमा नहीं होने दे। मौके पर एसीएमओ डाॅ रंजीत कुमार, डीएलओ डाॅ रमण कुमार, डीआरसीएचओ डाॅ. कुलदीप कुमार, दंत चिकित्सक डाॅ शरद कुमार, डीपीएम महेश कुमार, डीडीएम पवन कुमार, शंभू कुमार, ललन कुमार राणा, विवेकानंद शर्मा, शंकर कुमार, सुनील कुमार पंडित, दीपेश कुमार, सिद्धांत ओहदार, मुकेश राणा समेत अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More