कोडरमा: महिलाओं ने सुहाग के दीर्घायु के लिए वट सावित्री पूजा की

कोडरमा: गुरुवार को जिले के विभिन्न जगहों पर सुहागिन महिलाओं ने अपने सुहाग की दीर्घायु एवं उनकी मंगल कामना के लिए वट सावित्री की पूजा की। जिला मुख्यालय कोडरमा, झुमरीतिलैया, डोमचांच, चंदवारा, जयनगर, सतगावां, मरकच्चो समेत विभिन्न जगहों पर महिलाओं ने सुबह से ही विभिन्न मंदिर परिसर व वट वृक्षों के नीचे पूजा अर्चना की तथा अपने पति की लंबी आयु एवं परिवार की मंगल कामना के लिए वट वृक्ष की परिक्रमा कर धागा बांधा। पूजा अर्चना करने के उपरांत महिलाओं ने कथा का श्रवण कर वट सावित्री व्रत संपन्न किया।

पूजा के बाद घर आकर महिलाओं ने पति के पैर पघारे, शर्बत- पानी दिया और बेनी (बांस से बने पंखे) झेले। हिंदू धर्म की मान्यता के अनुसार ज्येष्ठ मास की अमावस्या के दिन वट सावित्री की पूजा की जाती है। इस दिन महिलाओं द्वारा पूरा दिन या पूजा तक उपवास रखा जाता है जो बरगद के पेड़ की पूजा करती हैं। शास्त्रों के अनुसार वट सावित्री व्रत को करवा चौथ जितना ही महत्वपूर्ण बताया गया है। शास्त्रों के अनुसार ऐसा माना जाता है कि ज्येष्ठ अमावस्या के दिन ही सावित्री अपने मृत पति सत्यवान के प्राण को यमराज से वापस ले आई थीं। तब से विवाहित महिलाएं हर साल ज्येष्ठ अमावस्या के दिन वट सावित्री व्रत रखती हैं और अपने पति की लंबी उम्र की कामना करती हैं।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More