जोबा मांझी के सामने चूक गया बाबूलाल का ब्रह्मास्त्र, हो-संताल विवाद के बावजूद नहीं खिला कमल

रांची: लोकसभा चुनाव के सियासी बिसात में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेवारी संभाल रहे बाबूलाल मरांडी ने सीता और गीता नामक दो ब्रह्मास्त्र का इजाद किया था. व्यूह रचना ऐसी की गयी थी कि संताल से सीता नामक मिसाइल और कोल्हाल से गीता रुपी ब्रह्मास्त्र को छोड़ कर झामुमो का दोनों किला ध्वस्त कर दिया जायेगा. लेकिन बाबूलाल की यह मंशा पूरी नहीं हुई, और इसका एक बड़ा कारण पूर्व सीएम हेमंत की गिरफ्तारी के कारण आदिवासी समाज के बीच पसरा आक्रोश था, जिस हेमंत की गिरफ्तारी को भाजपा अपना मास्टर स्ट्रोक समझने की भूल कर रही थी, दरअसल वह इसका शिकार हो चुकी थी. यदि झामुमो का साथ निभाते हुए कांग्रेस और दूसरे घटक दलों ने भी सामाजिक समीकरणों को सामने रख टिकट वितरण किया होता तो शायद आज पूरे झारखंड की तस्वीर ही बदली होती. वैसे एक हद तक हेमंत की कालकोठरी का लाभ भी भाजपा को हुआ, निश्चित रुप से कल्पना सोरेन ने धुंआधार चुनावी प्रचार किया, और इंडिया गठबंधन की चेहरा बन कर सामने आयी, लेकिन बूथ मैनेजमेंट की जो कला हेमंत सोरेन में थी, उसकी कमी देखी गयी, साथ ही हेमंत सोरेन की अनुपस्थिति में टिकट वितरण में घटक दलों के हाथ कुछ ज्यादा ही सीटें हाथ आयी, जिसका नुकसान भी महागठबंधन को उठाना पड़ा, इसी कड़ी में कुर्मी बहुल जमशेदपुर से समीर मोहंती को उतराना भी एक गलत फैसला साबित हुआ. हेमंत सोरेन की कमी गिरिडीह में देखने को मिली, वहां भी बेहतर चुनावी प्रबंधन से सीपी चौधरी के राह को रोका जा सकता था.

पूरी नहीं हुई बाबूलाल की सियासी चाहत

लेकिन इसके बावजूद जिस सियासी मंशा के साथ बाबूलाल आगे बढ़ते दिख रहे थें, उनकी वह चाहत पूरी नहीं हुई, और जल्द ही उन्हे इसका नुकसान भी उठाना पड़ सकता है, सवाल अब उनके नेतृत्व क्षमता पर भी उठेगा, इस बात का जवाब मांगा जायेगा कि जिस सीता के लिए दुमका से सुनिल सोरेन को मोर्चे से हटाया गया, उसका परिणाम क्या निकला, जिस गीता के आसरे कोल्हान भेदने का सपना पाला गया था, वह हकीकत में क्यों नहीं बदला, और उनके चेहरे के बावजूद झारखंड की सभी आदिवासी बहुल सीटों से भजापा का इस कदर सफाया क्यों हुआ?

किसी भी राउंड में मुकाबले में नजर नहीं आयी गीता कोड़ा

यहां ध्यान रहे कि चाईबासा में जोबा मांझी के सामने गीता कोड़ा किसी भी राउंड में नजर नहीं आयी, सिर्फ दो राउंट की गिनती को छोड़ कर हर राउंड में जोबा मांझी लगातार बढ़त बनाती गयी. जबकि भाजपा की पूरी टीम कोल्हान में संताल और हो विवाद को तूल देने में लगी थी, चाईबासा को आदिवासी अस्मिता के बजाय हो अस्मिता का सवाल बनाकर पेश किया जा रहा था. लेकिन आदिवासी समाज ने अपने फैसले से साफ कर दिया कि आदिवासी सिर्फ आदिवासी होता है, उनके अंदर हो, संताल और मुंडा को कोई विवाद नहीं होता. यदि वोट प्रतिशत की बात करें तो हो बहुल चाईबासा में 50 फीसदी ( 5,20,164) से अधिक मत प्राप्त हुआ, जबकि गीता कोड़ा को महज 35 फीसदी मतों के साथ 3,51,762 वोट से संतोष करना पड़ा.

कोल्हान में झामुमो का मजबूत जनाधार

दरअसल इसका कारण कोल्हान में झामुमो का मजबूत जनाधार है, चाईबासा लोकसभा की कुल छह विधान सभा में से पांच पर झामुमो का कब्जा है, छठी सीट जगन्नाथपुर से कांग्रेस के सोना राम सिंकु विधायक हैं. सरायकेला से चंपई सोरन, चाईबासा से दीपक बिरुआ, मझगांव से निरल पूर्ति, मनोहरपुर से खुद जोबा मांझी और चक्रधरपुर से सुखराम उरांव झाममो का झंडा बुलंद किये हुए हैं. हालांकि जगन्नाथपुर में मधु कोड़ा का मजबूत जनाधार माना जाता है, लेकिन हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी से उपजे आक्रोश में गीता कोड़ा इस बार अपने घर से भी पिछड़ती नजर आयी.

जगन्नाथपुर विधान सभा पर पिछले 23 वर्षों से मधु कोड़ा का जलबा

ध्यान रहे कि जगन्नाथपुर विधान सभा पर पिछले 23 वर्षों से मधु कोड़ा का जलबा, वर्ष 2000 में इसी सीट से जीत हासिल करने के बाद मधु कोड़ा ने झारखंड की सियासत में अपना परचम गाड़ा था, और उसके बाद यह सीट लगातार कोड़ा परिवार के हाथ में रहा, दो-दो बार खुद मधु कोड़ा और दो बार गीता कोड़ा जगन्नाथपुर विधान सभा से जीत का परचम लहरा चुकी है, जब वर्ष 2019 में गीता कोड़ा को कांग्रेस के टिकट पर सफलता मिली थी, तब कांग्रेस ने इस सीट से सोना राम सिंकु पर अपना दांव लगाया था और कामयाबी भी हाथ लगी थी. माना जाता है कि सोना राम सिंकू की इस जीत के पीछे भी उस इलाके में मधु कोड़ा की लोकप्रियता रही है. कुल मिलाकर पिछले 23 वर्षों से इस सीट पर मधु कोड़ा का राजनीतिक वर्चस्व कायम है. और बाबूलाल का मधुकोड़ा पर दांव लगाने की वजह भी यही थी.

लेकिन जगन्नाथपुर से बाहर नहीं चलता मधु कोड़ा का जलबा

लेकिन यहां जो बात गौर करने वाली है कि वह यह है कि कोल्हान की एक सीट जगन्नाथपुर को छोड़ कर उसके बाहर मधु कोड़ा कोई बड़ा करिश्मा नहीं है और बाबूलाल यहीं भूल कर बैठे, उन्हे यह विश्वास था कि गीता कोड़ा को सामने रख वह हो जनजाति का अपने साथ कर लेंगे लेकिन बाबूलाल यह भूल गयें कि चाईबासा लोकसभा के किसी भी  विधान सभा में आज कमल कोई वजूद नहीं है, सिर्फ गीता के सहारे इस महाभारत को जीतने की हसरत पूरी होने वाली नहीं है, और वह भी आदिवासी समाज के सबसे चेहते नेता को कालकोठरी में बंद कर. जेल में बंद हेमंत खूली हवा में सांस लेते बाबूलाल पर भारी पड़े, और उनका सारा ब्रह्मास्त्र चूक गया. 

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More