वाम मोर्चे के खराब प्रदर्शन पर सीएम विजयन ने कहा, आत्म निरीक्षण करेंगे

तिरुवनंतपुरम, 5 जून (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव में वाम मोर्चे के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बुधवार को कहा कि इसका मंथन किया जाएगा।

सीएम विजयन ने एक बयान में कहा, “2019 में भी हमें इसी तरह का जनादेश मिला था। हम इस जनादेश को स्वीकार करते हैं और हम आत्म मंथन करेंगे और जरूरी सुधार करेंगे, शासन में गुणवत्ता सुनिश्चित करेंगे। हम लोगों के बीच जाकर उन्हें यह बताएंगे कि सरकार को कैसे बदनाम किया जा रहा है।”

लोकसभा चुनाव में वाम मोर्चे का प्रदर्शन बेहद खराब रहा। उसे सिर्फ एक सीट मिली जबकि कांग्रेस नीत यूडीएफ 18 सीटों पर विजयी रहा।

भाजपा ने एक सीट पर जीत के साथ पहली बार राज्य में अपना खाता खोला।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के. सुधाकरन ने कन्नूर लोकसभा सीट पर बड़ी जीत के साथ अपनी सांसदी बरकरार रखी। उनकी जीत का अंतर बढ़कर एक लाख के पार हो गया।

उन्होंने सवाल किया, “आत्म चिंतन के लिए बचा ही क्या है?”

सीएम विजयन और सुधाकरन दोनों कन्नूर से ताल्लुक रखते हैं। कॉलेज के दिनों से ही दोनों की प्रतिद्वंद्विता चली आ रही है।

सीएम विजयन के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी.डी. सतीशन ने कहा कि त्रिशूर में भाजपा की जीत मुख्यमंत्री और भाजपा के बीच गुप्त समझौते का नतीजा है।

सतीशन ने कहा, “विजयन पूरे चुनाव अभियान के दौरान कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमलावर रहे, लेकिन भाजपा या उसके नेताओं के खिलाफ उन्होंने एक शब्द भी नहीं कहा। हम कुछ समय से भाजपा और विजयन के बीच गुप्त समझौता होने की जो बात कह रहे थे, त्रिशूर के नतीजों से अब वह सच साबित हो गया है।”

–आईएएनएस

एकेजे/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More