कोडरमा के जंग में पस्त पड़ा लाल झंडा! क्या जयप्रकाश वर्मा को अखाड़े में उतार कर झाममो फतह कर सकता था भगवा किला

रांची: एक तरफ जहां यूपी की सियासत में अखिलेश यादव अपने पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) दांव के सहारे ठाकुर आदित्यनाथ योगी की सत्ता को समटने का सिंहनाद कर रहे है, कुल 80 सीटों में 37 पर सपा और छह पर कांग्रेस की जीत सुनिश्चित कर अगामी विधान सभा चुनाव में सियासी परिवर्तन का मजबूत बुनियाद तैयार कर दिया है. वहीं पूर्व सीएम हेमंत की गिरफ्तारी के बाद झारखंड की 26 फीसदी आबादी वाले आदिवासी समाज में पसरे आक्रोश के बावजूद भाजपा 14 में से 9 सीटों पर कमल खिलाने में कामयाब रही. हालांकि इस आक्रोश की आग में आदिवासी बहुल सभी पांचों सीटों पर “कमल” एकबारगी मुर्छा गया, ना तो सीता-गीता की जोड़ी काम आयी और ना ही लोबिन हेम्ब्रम और चमरा लिंडा के बगावत के सहारे सियासी बैतरणी पार करने का प्रयोग सफल हुआ. लेकिन बावजूद इसके गैर आदिवासी बहुल सीटों पर एकतरफा कमल खिलाने में भाजपा को कामयाबी हाथ लगी. चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, रांची, जमशेदपुर, पलामू हर जगह सिर्फ कमल और कमल खिला.
भाजपा की इस सफलता की वजह क्या है?
इस हालत में यह सवाल खड़ा होना लाजमी है कि भाजपा की इस सफलता की वजह क्या है? क्या इंडिया गठबंधन और खास कर कांग्रेस-लेफ्ट प्रत्याशियों के चयन में भारी भूल कर गयी? क्या इंडिया गठबंधन ने प्रत्याशियों के चयन में सामाजिक समीकरणों की अनदेखी की? क्या एक खास सामाजिक समूह को टिकट देने की ललक में इंडिया गठबंधन झारखंड में दलित पिछड़ों और अल्पसंख्यक समुदाय की उस युगलबंदी को तैयार में असफल हो गयी, जिसके सहारे अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ के किले को एकबारगी ध्वस्त कर दिया?
क्या है कोडरमा का सियासी सामाजिक समीकरण?
दूसरे लोकसभा में मिले हार दर हार की समीक्षा हम कभी और करेंगे, लेकिन यहां सवाल कोडरमा का है, यह वही कोडरमा है, जहां 1977 के बाद भाजपा अब तक पांच बार कमल खिला चुकी है. जबकि कांग्रेस 1984 फिर एक लम्बे अंतराल के बाद 1999 में जीत हासिल करने में कामयाब रही. दोनों ही बार कांग्रेस को यह जीत तिलकधारी सिंह जैसे कुर्मी-कोयरे चेहरे के सहारे ही मिली थी, जबकि बाबूलाल मरांडी ने वर्ष 2006 में स्वतंत्र उम्मीदवार और 2009 में झाविमो के बनैर तले अपना परचम लहराया. इसके पहले भी वह वर्ष 2004 में भारतीय जनता पार्टी के चुनाव चिह्न पर जीत हासिल करने में कामयाब रहे थें.
अन्नपूर्णा और विनोद सिंह के मतों में 27 फीसदी का विशाल अंतर
यहां ध्यान रहे कि इस बार अन्नपूर्णा देवी को 57 फीसदी वोट के साथ कुल 7,91,657 वोट मिला है, जबकि दूसरे स्थान पर रहे इंडिया गठबंधन से सीपीआई माले से उम्मीदवार विनोद सिंह को महज 30 फीसदी वोटों के साथ कुल 4,14,643 मत मिला. इस प्रकार दोनों के बीच करीबन चार लाख वोट का अंतर रहा, जबकि झामुमो से बगावत कर कोडरमा में ताल ठोकते रतिलाल वर्मा के भतीजे जयप्रकाश वर्मा को महज 1.7 फीसदी वोट के साथ 23,223 मतों से संतोष करना पड़ा.
करीबन चार लाख कोयरी-कुशवाहा मतदाता
यहां बता दें कि जयप्रकाश वर्मा उसी रतिलाल वर्मा के भतीजे हैं, जिन्होंने पांच बार कोडरमा में जीत का परचम फहराया था, इसमें से वह दो बार जनता पार्टी के टिकट पर और तीन बार भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर जीते थें, इस चुनाव अखाड़े में कूदने के पहले जयप्रकाश वर्मा को इस बात का विश्वास था कि करीबन चार लाख कोयरी-कुशवाहा मतदाताओं का साथ उन्हे मिलेगा, लेकिन आंकड़ों से साफ है कि जयप्रकाश वर्मा कोयरी-कुशवाहा में सेंधमारी करने में असफल रहें. जबकि दूसरी ओर तेजस्वी यादव के तमाम को कोशिश के बावजूद यादव मतदाताओं ने अन्नपूर्णा देवी के साथ खड़ा रहने का फैसला किया.
यादवों की गोलबंदी से और भी मजबूत हुआ भगवा किला
यहां एक बात और गौर करने वाली है कि वर्ष 2014 में जब भाजपा के रविन्द्र राय के खिलाफ माले के बैनर तले राजकुमार यादव मैदान में थें. तब राजकुमार यादव को 26 फीसदी मतों के साथ 2,66,756 वोट मिले थें, लेकिन जब यही राजकुमार यादव वर्ष 2019 में अन्नपूर्णा देवी के मुकाबले मैदान में उतरें, तो महज 5.64 फीसदी मतों के साथ, 68,207 वोट पर संतोष करना पड़ा. तो क्या यह इस बात का संदेश नहीं है कि जैसे ही यादव जाति के मतदाताओं के सामने कोई यादव उम्मीदवार नजर आता है, उनकी गोलबंदी होने लगती है, यही यादव मतदाता वर्ष 2014 में राजकुमार यादव के साथ खड़े नजर आते और उस मोदी लहर में भी 26 फीसदी मतदाताओं का साथ और 2,66,756 वोट मिलता है, लेकिन जैसे 2019 में यादव मतदाताओं को अपने सामने एक दूसरा मजबूत चेहरा नजर आया, सारे यादव मतदाता एक साथ अन्नपूर्णा के साथ खड़े हो जाते हैं और राजकुमार यादव को 2,66,756 से खिसक कर 68 हजार पर सिमटना पड़ता है.
इस बार भी अन्नपूर्णा देवी के मत फीसदी में इजाफा
ध्यान रखने की जरुरत है कि वर्ष 2019 में अन्नपूर्णा देवी को 753,016 मत मिले थें, जबकि इस बार 7,91,657 वोट आया, और यह कामयाबी तब मिली जबकि उनको लेकर पूरे लोकसभा क्षेत्र में नाराजगी के दावे किये जा रहे थें, जनता से दूर रहने का आरोप लगाया जा रहा था. इसका साफ निष्कर्ष यह है कि तमाम नाराजगी के बावजूद कोडरमा संसदीय क्षेत्र के यादव मतदाताओं ने अन्नपूर्णा का साथ नहीं छोड़ा और साथ ही भाजपा को कोर वोटर भी खड़ा नजर आया
क्या विनोद सिंह के बजाय राजकुमार यादव बेहतर विकल्प नहीं हो सकते थें?
जबकि दूसरे ओर विनोद सिंह को माले का परंपरागत वोट और महागठबंधन के समर्थन के कारण मुस्लिम-आदिवासी समाज का वोट तो जरुर मिला, लेकिन विनोद सिंह अगड़ी जातियों में सेंधमारी करने में नाकामयाब रहें. इस हालत में सवाल खड़ा होना लाजमी है कि क्या सीपीआई माले और इंडिया गठबंधन सामाजिक समीकरणों के हिसाब से टिकटों का वितरण कर मुकाबले को रोचक नहीं बना सकता था? खुद माले ने इसी सामाजिक प्रयोग के सहारे बिहार के काराकाट से उपेन्द्र कुशवाहा और आरा से केंद्रीय ऊर्जा मंत्री एवं पूर्व आइएएस राजकुमार सिंह को करारी शिकस्त देने में कामयाबी हासिल की है. राजराम सिंह का उपेन्द्र कुशवाहा और सुदामा प्रसाद का राजकुमार सिंह पर एतिहासिक जीत के पीछे इसी सामाजिक समीकरण का जलबा है. फिर झारखंड में इस दांव को आजमाने में माले चूक क्यों गई? क्या विनोद सिंह के बजाय राजकुमार यादव बेहतर विकल्प नहीं हो सकते थें? और यदि माले के पास चेहरा का अभाव था, तो क्या इस सीट को अपने पास रख कर झामुमो जयप्रकाश वर्मा को अखाड़े में नहीं उतार सकता था. जयप्रकाश वर्मा का सामाजिक आधार तो अन्नपूर्णा देवी से मजबूत था, कोडरमा संसदीय क्षेत्र में यादवों से अधिक आबादी तो कोयरी-कुशवाहा जाति की है. कुल मिलाकर यह कहा जा सकता है कि महागठबंधन झारखंड की सियासत में सामाजिक समीकरणों को साधने में बूरी तरह से असफल रही, जिसका लाभ भाजपा को मिला.
