झारखंड में भाजपा 8, झामुमो 3, कांग्रेस 2 और आजसू एक सीट पर जीत की ओर अग्रसर

रांची, 4 जून (आईएएनएस)। झारखंड की 14 सीटों पर मतगणना जारी है, लेकिन जीत-हार की तस्वीर करीब-करीब साफ हो गई है। भारतीय जनता पार्टी राज्य की 8, झारखंड झारखंड मुक्ति मोर्चा 3, कांग्रेस 2 और एनडीए की सहयोगी पार्टी आजसू 1 सीट पर जीत की ओर बढ़ गई है।

अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित सभी पांच सीटों पर भाजपा हार का सामना करती दिख रही है, जबकि अनारक्षित 7 और अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित 1 सीट पर उसका कब्जा बरकरार है।

राज्य में सबसे चौंकाने वाला परिणाम खूंटी का रहा, जहां केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा हार की कगार पर हैं। यहां कांग्रेस के कालीचरण मुंडा ने 1 लाख 45 हजार 375 मतों की निर्णायक बढ़त बना ली है। चुनाव के ठीक पहले भाजपा में आईं राज्य की इकलौती कांग्रेस सांसद गीता कोड़ा की सिंहभूम सीट पर हार तय हो गई है। यहां झामुमो की जोबा मांझी ने 1 लाख 46 हजार 529 मतों की बढ़त हासिल कर ली है।

इसी तरह झामुमो छोड़कर भाजपा का दामन थामने वाली शिबू सोरेन की बड़ी बहू सीता सोरेन भी दुमका सीट पर पिछड़ती दिख रही हैं। यहां झामुमो के नलिन सोरेन ने शाम 5.30 बजे तक की मतगणना के अनुसार 17,929 मतों की बढ़त बनाई है। पलामू में भाजपा के विष्णु दयाल राम की जीत की हैट्रिक तय हो चुकी है। उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी राजद की ममता भुइयां पर 2 लाख 79 हजार 403 मतों की बढ़त हासिल कर ली है।

जमशेदपुर में भी भारतीय जनता पार्टी के विद्युत वरण महतो ने झामुमो के समीर मोहंती पर 2 लाख 39 हजार 972 मतों की बढ़त बना ली है। इसके पहले 2014 और 2019 के चुनाव में जीत दर्ज करने वाले विद्युत वरण महतो इस सीट पर जीत की हैट्रिक लगाने की ओर बढ़ चुके हैं।

गोड्डा में भाजपा के निशिकांत दुबे लगातार चौथी बार संसद पहुंचने में कामयाब दिख रहे हैं। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के प्रदीप यादव पर 1 लाख 5 हजार 73 मतों की बढ़त हासिल कर ली है। कोडरमा में भाजपा की अन्नपूर्णा देवी ने अपने प्रतिद्वंद्वी सीपीआई एमएल के विनोद सिंह से 2 लाख 23 हजार 3 मतों से निर्णायक बढ़त हासिल कर ली है। अन्नपूर्णा देवी केंद्र की मौजूदा सरकार में शिक्षा राज्य मंत्री हैं।

हजारीबाग में भाजपा के मनीष जायसवाल अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के जेपी पटेल से 2 लाख 22 हजार 434 मतों से बढ़त हासिल कर जीत की ओर अग्रसर हैं। राजमहल सीट पर झामुमो के विजय कुमार हांसदा जीत की हैट्रिक की ओर बढ़ गए हैं। उन्होंने भाजपा के ताला मरांडी पर 1 लाख 11 हजार 874 मतों की बढ़त बना ली है।

लोहरदगा सीट पर कांग्रेस के सुखदेव भगत पहली बार जीत की ओर अग्रसर हैं। वह भाजपा के समीर उरांव से 1 लाख 3 हजार 100 मतों से आगे हैं। धनबाद सीट पर भाजपा के ढुल्लू महतो ने कांग्रेस की अनुपमा सिंह पर 1 लाख 98 हजार 423 मतों की निर्णायक बढ़त हासिल कर ली है।

रांची में भाजपा के संजय सेठ लगातार दूसरी बार जीत की ओर बढ़ गए हैं। उन्होंने कांग्रेस की यशस्विनी सहाय पर 1 लाख 2 हजार 966 मतों से बढ़त बनाई है। चतरा में भाजपा के कालीचरण सिंह पहली जीत की ओर अग्रसर हैं। उन्होंने कांग्रेस के केएन त्रिपाठी पर 1 लाख 44 हजार 906 मतों की बढ़त हासिल कर ली है। गिरिडीह में आजसू पार्टी के चंद्रप्रकाश चौधरी लगातार दूसरी बार जीत दर्ज करते दिख रहे हैं। उन्होंने झामुमो के मथुरा प्रसाद महतो पर 78 हजार 106 मतों की बढ़त बना ली है।

–आईएएनएस

एसएनसी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More