टीडीपी के खेमे में जश्न शुरू

अमरावती, 4 जून (आईएएनएस)। तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के खेमे में जश्न का माहौल है। पार्टी के नेतृत्व वाला त्रिपक्षीय गठबंधन आंध्र प्रदेश में भारी बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रहा है।

जैसे ही रुझान दिखा कि विधानसभा चुनावों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) भारी जीत की ओर बढ़ रहा है, टीडीपी कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़ने और मिठाइयां बांटनी शुरू कर दी।

टीडीपी मुख्यालय में जश्न का माहौल था और नेता तथा कार्यकर्ता जश्न में शामिल हुए। टीडीपी के नेतृत्व वाला गठबंधन 175 सदस्यीय विधानसभा में 25 सीटें जीत चुका है और 138 निर्वाचन क्षेत्रों में उसके उम्मीदवार आगे चल रहे हैं।

सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) केवल 12 सीटों पर आगे है।

टीडीपी 19 सीटों पर जीत और 115 में बढ़त के साथ अपने दम पर सत्ता हासिल करती दिख रही है। अभिनेता-राजनेता पवन कल्याण के नेतृत्व वाली टीडीपी की सहयोगी जन सेना पार्टी (जेएसपी) पांच सीटें जीत चुकी है और 16 में आगे है। भाजपा के खाते में एक सीट आ चुकी है और सात विधानसभा क्षेत्रों में उसके उम्मीदवार आगे हैं।

भाजपा के राज्य प्रभारी सिद्धार्थ नाथ सिंह ने टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू से मुलाकात की और गठबंधन की जीत पर उन्हें बधाई दी।

एनडीए राज्य की 25 लोकसभा सीटों में से भी 21 पर आगे चल रहा है। टीडीपी अकेले 16 निर्वाचन क्षेत्रों में आगे चल रही है, जबकि उसकी सहयोगी पार्टी भाजपा तीन और जन सेना दो सीटों पर आगे है।

टीडीपी जिन सीटों पर चुनाव लड़ी थी उनमें से एक को छोड़कर टीडीपी सभी सीटों पर आगे चल रही है।

भाजपा छह में से तीन सीटों पर आगे चल रही है।

जन सेना ने भी दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में भारी बढ़त हासिल की है।

–आईएएनएस

एकेजे/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More