गौतमबुद्ध नगर में रिकॉर्ड जीत की तरफ बढ़ रहे भाजपा प्रत्याशी

नोएडा, 4 जून (आईएएनएस)। गौतमबुद्ध नगर से लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉ. महेश शर्मा तीसरी बार भी जीत दर्ज करने जा रहे हैं। इस बार उनको मिलने वाले मतों का प्रतिशत पिछली बार से अधिक होने वाला है। जबकि, गौतमबुद्ध नगर में पिछले चुनाव के मुकाबले छह प्रतिशत कम वोटिंग हुई थी।

दोपहर 3.30 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक गौतमबुद्ध नगर लोकसभा की मतगणना में महेश शर्मा (भाजपा) को 7,89,400, महेंद्र नागर (सपा) को 2,77,835 और राजेंद्र सोलंकी (बसपा) को 2,37,656 मत मिले हैं। भाजपा प्रत्याशी डॉ. महेश शर्मा 5,11,565 मतों से आगे चल रहे हैं।

पिछली बार हुए लोकसभा चुनाव में डॉ. महेश शर्मा 3,35,000 मतों से जीते थे। इस बार आंकड़ा 5 लाख के पार पहुंचता दिख रहा है। इतनी बड़ी जीत की उम्मीद खुद भाजपा प्रत्याशी को भी नहीं थी।

उन्होंने जनता को धन्यवाद देते हुए कहा, “एक बार फिर जनता ने अपना विश्वास हम पर जताया है। लोकतंत्र के महापर्व की आज पूर्ण आहुति है। जैसा कि देश की जनता ने विश्वास जताया है हमारे प्रधानमंत्री के प्रति, भाजपा के प्रति, हमारे देश के प्रति, उसके लिए सबका बहुत-बहुत धन्यवाद है। मैं अपने क्षेत्र की जनता को भी बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं। जिन्होंने मुझे चौथे राउंड में ही एक लाख मतों के पार पहुंचा दिया। पिछली बार मैं 3,35,000 मतों से जीता था। इस बार उम्मीद है कि 5 लाख से ज्यादा मतों से जीतूंगा।”

अगर गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट की बात करें तो यहां पर 15 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। लेकिन, कांटे की टक्कर तीन प्रत्याशियों के बीच है। जिसमें वर्तमान सांसद और भाजपा प्रत्याशी डॉ. महेश शर्मा लगातार तीसरी जीत की तरफ बढ़ते दिखाई दे रहे हैं।

–आईएएनएस

पीकेटी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More