पीएम मोदी के कार्यों पर जनता ने लगाई मुहर : खेम चंद्र शर्मा

नई दिल्ली, 4 जून (आईएएनएस)। मतगणना के रुझानों में एनडीए को बहुुमत से अधिक सीटें मिलने पर दिल्ली भाजपा प्रवक्ता खेम चंद्र शर्मा ने कहा कि मतगणना पूरी होने तक एनडीए को पहले से अधिक सीटें मिलेंगी और पीएम मोदी के नेतृत्व में एक बार फिर से केंद्र में एनडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि रुझानों से प्रतीत होता है कि जनता ने पीएम मोदी के 10 साल के कार्यों पर अपनी मुहर लगा दी है।

खेम चंद्र शर्मा ने दिल्ली की सभी सातों सीटों पर भाजपा की जीत का दावा करते हुए कहा कि उनके उम्मीदवार पहले से अधिक मतों से जीत हासिल करेंगे। यह जनता का पीएम मोदी की लोक कल्याणकारी नीतियों के प्रति विश्वास है। इसी विश्वास की ताकत से पीएम मोदी एक फिर देश की बागडोर संभालेंगे। वह देश की विकास की यात्रा को जारी रखेंगे, ताकि जनता के जीवन में खुशहाली आए।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली की ही तरह देश के दूसरे भागों में भी भारतीय जनता पार्टी बहुत अच्छा प्रदर्शन करने जा रही है। दक्षिण के राज्यों में भाजपा की सफलता का जिक्र करते हुए खेमचंद्र शर्मा ने कहा कि जिन राज्यों में लोकसभा चुनाव में भाजपा का कभी खाता नहीं खुला, वहां भी पार्टी इस बार शानदार प्रदर्शन कर रही है। यह भाजपा की नीतियों के प्रति जनता का विश्वास है।

खेम चंद्र शर्मा ने कहा कि पार्टी ने इस बार उत्तर से लेकर दक्षिण तक अच्छा प्रदर्शन किया है। यह उसकी बढ़ती स्वीकार्यता का प्रमाण है। केरल जैसे राज्य में जहां भाजपा को आजादी के बाद कभी कोई चुनावी सफलता नहीं मिली, इस बार वहां की जनता ने भाजपा के प्रति बहुत जबरदस्त विश्वास जताया है। यही कारण है कि पार्टी को न केवल वहां लोकसभा की सीटें मिल रही हैं, बल्कि उसका वोट प्रतिशत भी बहुत अधिक बढ़ा है। यही हाल तमिलनाडु में भी है। पार्टी ने इन राज्यों में जीत का परचम लहराते हुए उत्तर भारत की पार्टी होने की अपनी छवि काेे तोड़ दिया है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी को न केवल लोकसभा चुनाव में बल्कि राज्य विधानसभा चुनावों में भी जनता का प्यार व आशीर्वाद मिला है। जनता के विश्वास के चलते ही पार्टी ओडिशा में नवीन पटनायक की छह बार की सरकार को सत्ता से अपदस्थ करने में सफल हो रही है। इसी प्रकार पार्टी को अरुणाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश आदि राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में भी भारी सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के हक की लड़ाई लड़ती रहेगी।

–आईएएनएस

सीबीटी/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More