झारखंड में भाजपा 8, कांग्रेस एवं झामुमो 2-2 और आजसू एक सीट पर आगे

रांची, 4 जून (आईएएनएस)। झारखंड की 14 सीटों पर चल रही मतगणना में दोपहर एक बजे तक की स्थिति के अनुसार भारतीय जनता पार्टी आठ, कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा 2-2 और एनडीए की सहयोगी पार्टी आजसू एक सीट पर आगे चल रही है।

केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा खूंटी सीट पर पिछड़ गए हैं। यहां कांग्रेस के कालीचरण मुंडा ने 56,806 मतों से बढ़त बना ली है। जमशेदपुर में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी विद्युत वरण महतो ने अपने प्रतिद्वंद्वी झामुमो के समीर मोहंती पर करीब 1 लाख 40 हजार 600 मतों से भी ज्यादा के अंतर से निर्णायक बढ़त बना ली है।

पलामू में भाजपा के विष्णु दयाल राम ने प्रतिद्वंद्वी राजद की ममता भुइयां पर एक लाख से भी ज्यादा मतों की बढ़त बनाई है। दुमका में भाजपा की सीता सोरेन झामुमो के नलिन सोरेन से करीब 8,740 मतों से आगे चल रही हैं। कोडरमा में भाजपा की अन्नपूर्णा देवी अपने प्रतिद्वंद्वी सीपीआई (एमएल) के विनोद सिंह से करीब 43,000 मतों से आगे चल रही हैं।

हजारीबाग में भाजपा के मनीष जायसवाल अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के जेपी पटेल से 57,000 मतों से आगे चल रहे हैं। लोहरदगा में कांग्रेस के सुखदेव भगत भाजपा के समीर उरांव से 27,000 मतों से आगे चल रहे हैं। सिंहभूम में झामुमो की जोबा मांझी ने भाजपा की गीता कोड़ा पर करीब 69,000 मतों से बढ़त बना ली है।

धनबाद सीट से भाजपा के ढुल्लू महतो ने कांग्रेस की अनुपमा सिंह पर करीब 42,000 मतों से बढ़त बनाई है। गोड्डा सीट पर भाजपा के निशिकांत दुबे कांग्रेस के प्रदीप यादव से करीब 5,300 मतों से आगे चल रहे हैं।

राजमहल सीट पर झामुमो के विजय कुमार हांसदा ने भाजपा के ताला मरांडी पर करीब 21,000 मतों से बढ़त बनाई है। रांची में भाजपा के संजय सेठ कांग्रेस की यशस्विनी सहाय से 62,000 मतों से आगे चल रहे हैं। चतरा में भाजपा के कालीचरण सिंह कांग्रेस के केएन त्रिपाठी से 13,000 मतों से आगे हैं। गिरिडीह में आजसू पार्टी के चंद्रप्रकाश चौधरी झामुमो के मथुरा प्रसाद महतो से 35,000 मतों से आगे हैं।

–आईएएनएस

एसएनसी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More