Jharkhand Politics: बाबूलाल का बदलापुर! भाजपा से हिसाब बराबर! जानिये कहां-कहां जख्म दे गयें पूर्व झाविमो सुप्रीमो

रांची: लोकसभा चुनाव अब अपने अंतिम पड़ाव की ओर है. कल मतगणना के साथ ही सूबे झारखंड की सियासी तस्वीर साफ हो जायेगी. इंडिया गठबंधन की ताकत और भाजपा के दावे की कलई सबसे सामने होगी. इस बात का फैसला भी हो जायेगा कि सिद्धो-कान्हू और भगवान बिरसा की धरती पर प्रधानमंत्री मोदी का जादू चला या हेमंत की गिरफ्तारी के आक्रोश में आंकडों में बड़ा उलटफेर हुआ. पर्दा इस बात से भी उठेगा कि हेमंत की गिरफ्तारी के बाद भाजपा अपने मंसूबे में कामयाब हुई या फिर कल्पना सोरेन की हुंकार में सारी हसरतें जमींदोज हो गई. फैसला इस बात का भी होगा कि हेमंत की गैर मौजदूगी में कल्पना सोरेन ने पार्टी की बागडोर और कार्यकर्ताओं का जोश और हौसले को कितना ऊंचा रखा. साथ ही तस्वीर इस बात की भी साफ होगी कि गांडेय से कल्पना सोरेन की सियासी इंट्री होगी या एक अनजान सा चेहरा दिलीप वर्मा के हाथों सियासी शिकस्त का सामना होगा. इन सारे सवालों का जवाब अब महज चंद घटों के बाद आपके सामने होगा. और इसके बाद इस बात से भी पर्दा उठेगा कि राष्ट्रीय मीडिया और चैनलों में जिस दावे के साथ सूबे झारखंड में भाजपा को महज दो से तीन सीटों का नुकसान बताया जा रहा था, उसकी सच्चाई क्या थी? और क्या दिन रात चलाये जा रहे इस एक्जिट पोल से इतर झारखंड में कोई दूसरी सियासी हवा बह रही थी, जिसका आकलन सोशल मीडिया पर तो हो रहा था, लेकिन राष्ट्रीय मीडिया उस सच्चाई को स्वीकार करने को तैयार नहीं था? या फिर वह इस सच्चाई को लाना नहीं चाहता था.

सवाल तो बाबूलाल के लिए भी होगा  

लेकिन इसके साथ ही एक सवाल बाबूलाल के लिए भी होगा, क्या बाबूलाल को जिस मकसद के साथ भाजपा में वापसी करवायी गयी थी, 14 वर्षों के वनवास के बाद, पार्टी के कई दूसरे कद्दावर चेहरों को नेपथ्य में डाल, डोमिसाइल मैन को जिस तरीके से एक बार फिर से केसरिया पट्टा पहनाया गया था, क्या भाजपा की वह हसरतें पूरी हुई या फिर बाबूलाल भाजपा में कोई बड़ा खेल कर गयें? जिसकी भनक तक भाजपा आलाकमान को भी नहीं लगी?
दरअसल यह सवाल यों ही नहीं हैं. पूरे लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा कई गुटों में विभक्त नजर आयी, और हर गुट अपने आप को दिल्ली दरबार का नजदीकी बता रहा था, यानि एक तरह दिल्ली दरबार में अपनी ताकत और स्वामिभक्ति का इजहार और दूसरी तरह अपने आप को जमीनी संघर्ष के दूर, यह देखने का आनन्द, कि देखते हैं कि बाबूलाल कौन सा पहाड़ तोड़ता है? लेकिन इस बीच एक सवाल खुद बाबूलाल भी बनते नजर आयें.

झारखंड भाजपा में कितने भाजपा

यहां याद रहे कि बाबूलाल की इंट्री के बाद भाजपा के कई कद्दावर नेता आज अपने को उपेक्षित कर रहे हैं, हालांकि वह सामने आकर कुछ बोलने की स्थिति में नहीं है, लेकिन सबसे अपने-अपने सियासी बिसात है, आज झारखंड में खुले रुप से बाबूलाल भाजपा, रघुवर भाजपा और अर्जुन भाजपा की चर्चा होती है. लेकिन इसके सिवा भी भाजपा में कई भाजपा है. भले ही बाबूलाल को खुला छुट देने की नियत से केन्द्रीय आलाकमान ने रघुवर दास को सूबे झारखंड की सियासत से दूर करते राज्यभवन में बैठा दिया हो, लेकिन इसका मतलब कतई नहीं है कि रघुवर दास चुके हुए तीर है, वह भी बेहद सधे अंदाज में अपनी वापसी का इंतजार कर रहे हैं. उधर अर्जुन मुंडा को जिस तरीक के खूंटी में झोंका गया, उसकी कहानी भी कम दिलचस्प नहीं है, दावा किया जाता है कि अर्जुन मुंडा शुरु से ही खूंटी के सियासी मैदान में उतरने को अन-इच्छूक थें, उनकी चाहत तो जमशेदपुर सीट की थी, लेकिन उनका जोर नहीं चला और बेहद बूझे मन से खूंटी के अखाड़े में उतरना पड़ा. अब इस फैसले की पीछे कौन था? सियासी गलियारों में इसकी अलग–अलग कहानियां है. जिसका एक सिरा बाबूलाल से जुड़ता है तो दूसरा सिरा रघुवर दास से.

भाजपा के सियासी हसरतों की कहानी

लेकिन हम बात कर रहे थें बाबूलाल की, और बाबूलाल के साथ जुड़े भाजपा के सियासी हसरतों की. यहां ध्यान रहे कि आज की भाजपा में सारे शीर्षस्थ पद पर वे चेहरे ही काबिज है, जो कभी ना कभी बाबूलाल के साथ झाविमो में थें. 14 वर्षों के वनवास के बाद पार्टी में आते ही बाबूलाल प्रदेश अध्यक्ष बन गयें, हालांकि उनकी मंशा विपक्ष का नेता बनने की थी, लेकिन इस चाहत पर झामुमो ने पलीता लगा दिया, और लेकिन बाबूलाल ने अपने पुराने शिष्य अमर बाउरी को विपक्ष का नेता बनाकर इसकी कमी पूरी कर ली.

बाबूलाल को सियासी गच्चा देने वाले सारे चेहरे भाजपा में

ध्यान रहे कि अमर बाउरी भी कभी बाबूलाल के साथ ही थें, झारखंड वनांचल कांग्रेस से विधान सभा पहुंचने की हसरत पूरी नहीं होने के बाद अमर बाउरी ने वर्ष 2009 में जेवीएम(पी) से चुनाव लड़ा था,लेकिन सफलता 2014 में मिली, बाबूलाल का कंधी पकड़ वह विधान सभा तो जरुर पहुंचे, लेकिन ऑपरेशन रघुवर के साथ ही कमल की सवारी कर बैठे, फिर 2019 में भाजपा के टिकट पर विधान सभा पहुंचे. दूसरी ओर झामुमो से आने वाले जेपी भाई पटेल को मुख्य सचेतक की जिम्मेवारी सौंपी गयी. बाबूलाल को सियासी गच्चा देने वाले सिर्फ अमर बाउरी ही नहीं थें, इनके साथ दूसरे पांच विधायकों ने भी पाला बदला था, इसमें नाम नवीन जायसवाल (हटिया), आलोक चौरसिया-( डाल्टनगंज), रणधीर सिंह-(सारठ) गणेश गंझू (सिमरिया), अमर बाउरी (चंदनकयारी) और जानकी यादव (बरकठा) का भी नाम शामिल है. और ये सारे विधायकों को  ऑपरेशन रघुवर के तहत ही कमल का पट्टा पहनाया गया था. आज इसमें कई चेहरे सियासी नेपथ्य में हैं, लेकिन नवीन जायसवाल, अमर बाउरी, रणधीर सिंह का जलबा अभी कायम है, इस हालत में सवाल खड़ा होता है कि क्या बाबूलाल रघुवर दास के द्वारा दिये गये उस जख्म को भूल गयें? या फिर इसकी टीस अंदर अभी भी है, और वह भी बदलापुर का इंतजार कर रहे हैं?

कल के बाद खड़ा होने लगेगा सवाल

इस सवाल का कोई सीधा जवाब तो नहीं है, लेकिन जिस तरीके दुमका में सुनील सोरेन का पत्ता साफ कर सीता का दांव लगाया गया, यदि यह दांव असफल होता है तो फिर भापजा के हिस्से में क्या आयेगा? सवाल यह भी है कि जिस तरीके से कोडरमा में आज अन्नपूर्णा देवी फंसी नजर आ रही है, क्या उसका भी एक सिरा बाबूलाल से जुड़ता है, क्योंकि यह वही अन्नपूर्णा हैं, जिसने 2019 के लोकसभा चुनाव में बाबूलाल को सियासी पटकनी दी थी. और बाबूलाल अपने ही लोकसभा क्षेत्र से पराजय का मुंह देखना पड़ा था. सवाल गोड्डा को लेकर भी है, जहां इस बार निशिकांत दुबे का सामने संकट पसरा दिख रहा है. ध्यान रहे कि निशिकांत के सामने जीत का ताल ठोक रहे प्रदीप यादव भी कभी बाबूलाल का ही सिपहसलार थें. लेकिन बाबूलाल के कंधी के सहारे प्रदीप यादव को दो-दो बार निशिकांत के हाथों मात खाना पड़ा और इस बार प्रदीप यादव पंजे की सवारी कर ताल ठोक रहे हैं. यह सवाल इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि बाबूलाल की वह सक्रियता गोड्डा में दिखलायी नहीं पड़ी, जो दूसरे संसदीय क्षेत्रों में देखने को मिली. सवाल तो खूंटी को लेकर भी है, यहां भी बाबूलाल अर्जुन मुंडा के साथ उस मजबूती के साथ खड़े नहीं दिखें, यहां ध्यान रहे कि डोमिसाईल की आग में जब भाजपा ने बाबूलाल को सीएम की कुर्सी से बेआबरु किया था, तब सीएम की कुर्सी अर्जुन मुंडा के ही हाथ आयी थी, तो क्या अंदरखाने यह खुन्नस भी आज भी बरकरार है? इसमें अधिकांश सवालों का जवाब कल शाम होते-होते मिल जायेगा. आप सबों की तरह हमें भी कल जनता के फैसला का इंतजार होगा. 

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More