झारखंड में सोमवार को मौसम सुहाना रहने की उम्मीद, मंगलवार से फिर राज्य में भीषण गर्मी का अलर्ट!

झारखंड: झारखंड में पिछले कुछ दिनों में गर्मी से थोड़ी राहत मिलने के बाद एक बार फिर गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. जानकारी के अनुसार मौसम विभाग ने राजधानी रांची मे बारिश की हल्की संभावना बताई है. दोपहर में बादल छाए रहेंगे और वज्रपात भी दर्ज किया जा सकता है. कल से झारखंड में लू चलने का अलर्ट जारी किया है. आपको बता दें कि रविवार को राज्य के 21 जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे रहा. वहीं, राज्य के 3 जिलों पलामू, गढ़वा और चतरा में तापमान में कोई बदलाव नहीं हुआ. मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार (3 जून) को भी मौसम सुहाना रहने की उम्मीद है. इसके बाद मंगलवार (4 जून) से एक बार फिर राज्य में भीषण गर्मी पड़ेगी.
40 के पार जा सकता है रांची का तापमान
राजधानी समेत सभी जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं. बुधवार और गुरुवार (5 और 6 जून) को रांची के कई इलाकों में लू चल सकती है. पलामू प्रमंडल के जिलों का तापमान 45 डिग्री के पार जा सकता है. इसको लेकर मौसम केंद्र ने अलर्ट भी जारी किया है.
