मैट्रिज एग्जिट पोल : कर्नाटक में भाजपा बड़ी जीत की ओर अग्रसर, कांग्रेस नहीं कर रही खास कमाल

नई दिल्ली, 2 जून (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव के एग्जिट पोल में एनडीए को बढ़त हासिल करते हुए दिखाया गया है। तमाम न्यूज चैनलों के एग्जिट पोल में एनडीए की सरकार बनने का अनुमान जताया गया है।

मैट्रिज एग्जिट पोल के मुताबिक देश में एनडीए की सरकार बनने के आसार नजर आ रहे हैं। राज्यवार और सीटवार आंकड़ों की बात की जाए तो कर्नाटक में भाजपा की बड़ी जीत नजर आ रही है। वहीं, कांग्रेस राज्य की सत्ता में रहने के बावजूद कुछ खास कमाल करती नजर नहीं आ रही है।

एग्जिट पोल के आंकड़ों के मुताबिक कर्नाटक में भाजपा 18 से 20 सीट, कांग्रेस 5 से 7 और जेडीएस 3 सीट जीत सकती है।

आंकड़ों के मुताबिक बागलकोट, बेंगलुरु सेंट्रल, बेंगलुरु उत्तर सीट पर भाजपा के बढ़त बनाने के अनुमान हैं। बेंगलुरु ग्रामीण सीट पर कांग्रेस और भाजपा दोनों में से कोई भी उम्मीदवार चुनाव जीत सकता है।

बेंगलुरू दक्षिण और बेलगाम सीट पर भाजपा की जीत का अनुमान जताया गया है। जबकि, बेल्लारी सीट पर कांग्रेस उम्मीद के मुताबिक बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी झोली में जीत डाल सकती है। अगर बीदर और बीजापुर सीट की बात की जाए तो भाजपा ने मामूली बढ़त बनाते हुए चुनावी लड़ाई को रोचक बना दिया है।

वहीं, चामराजनगर लोकसभा सीट पर कांग्रेस को बढ़त तो चिक्कबल्लापुर लोकसभा सीट पर भाजपा की जीत की उम्मीद जताई गई है। चिक्कोडी और चित्रदुर्ग सीट पर कांग्रेस ने बढ़त हासिल की है।

वहीं, दक्षिण कन्नड़, दावणगेरे, धारवाड़ लोकसभा सीट पर भाजपा जीत सकती है। गुलबर्गा सीट पर कांग्रेस और भाजपा में कोई भी जीत सकता है। हसन और कोलार सीट पर जनता दल (सेक्युलर) के जीत हासिल करने का अनुमान है।

दक्षिण भारत राज्य कर्नाटक में साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 28 में से 25 सीटें जीतने में सफलता पाई थी। वहीं, कांग्रेस और जेडीएस एक-एक सीट पर सिमट कर रह गई थी।

मौजूदा समय में राज्य में कांग्रेस पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार है। इसके बावजूद कांग्रेस पार्टी कोई खास प्रदर्शन करती नजर नहीं आ रही है। जबकि, भाजपा अपने पुराने इतिहास को दोहराते हुए बड़ी जीत की तरफ बढ़ती नजर आ रही है।

–आईएएनएस

एकेएस/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More