लोकसभा चुनाव 2024: गिरिडीह के दंगल में मोदी मैजिक की अग्नि परीक्षा! हार कर भी टाइगर जयराम गढ़ जाएगा इतिहास

रांची: लोकसभा चुनाव को लेकर जारी सियासी संग्राम के बीच एक चेहरा जो सबसे अधिक सुर्खियों में रहा, वह है टाईगर जयराम. भाषा आन्दोलन से निकल कर सियासी दुनिया में इंट्री की कोशिश करते जयराम को अब सियासी हलकों में झारखंडी सियासत का वह धुमकेतू बताया जा रहा है. जिसकी उपेक्षा करने की कोशिश तो बहुत हुई, लेकिन इस युवा तुर्क ने अपने सियासी चालों से स्थापित सियासी दलों की जड़े हिला दी. जिस जयराम को कल तक सियासत का नौसिखुआ बता कर किनारा करने की कोशिश की जा रही है, आज वही जयराम गिरिडीह के दंगल एक साथ आजसू के चन्द्र प्रकाश चौधरी और झामुमो के मथुरा महतो पड़ भारी पड़ता दिख रहा है. भले ही मीडिया के सामने मथुरा महतो और चन्द्र प्रकाश चौधरी अपने -अपने जीत की हुंकार तो भर रहे हों, लेकिन अंदरखाने आजसू और झामुमो के रणनीतिकार इस हिसाब-किताब में उलझे हैं कि आखिर जयराम ने किसका खेल बिगाड़ा, या फिर खेल ही बिगाड़ा या वोटों का पहाड़ भी खड़ा कर लिया, जिसके पार जाना अब नामुमकीन टास्क है. 

गिरिडीह के बाहर भी जयराम का खेल

टाईगर जयराम ने खेल सिर्फ गिरिडीह में नहीं बिगाड़ा है, बल्कि यह खेल कोयलानगरी धनबाद में भी हुआ है.  सियासी हलकों इस बात की चर्चा तेज है कि टाईगर जयराम ने भले ही धनबाद से इकलाख को उम्मीदवार बनाया हो, लेकिन जैसे ही इकलाख खेल से बाहर होता नजर आया, इस युवा तुर्क ने अपना दूसरा चाल चला, और अपने सिपहसलारों को अघोषित रुप से ढुल्लू महतो के पक्ष में काम करने का फरमान जारी कर दिया. यानि एक तरफ अल्पसंख्यक चेहरा देकर कांग्रेस के आधार वोटों में सेंधमारी का मास्टर प्लान तो दूसरी ओर कुर्मी मतदाताओं को कमल के पक्ष में मोड़ कर भाजपा का राह आसान.

अनुप सिंह को गैर झारखंडी चेहरा बता चुके जयराम

दरअसल जयराम कई मौके पर खुलेआम अनुप सिंह को गैर झारखंडी चेहरा बता चुके हैं. सिर्फ अनुप सिंह ही क्यों जयराम के निशान पर पीएन सिंह, मनीष जायसवाल, जयंत सिन्हा, यशवंत सिन्हा के साथ ही तमाम वैसे चेहरे रहे हैं, जिनकी जड़े गैर झाऱखंडी है. निश्चित रुप से इस हालत में जयराम के लिए अनुपमा सिंह की तुलना में ढुल्लू महतो में खांटी झारखंडी चेहरे की झलक मिली होगी. और सिर्फ धनबाद ही क्यों, जयराम के फैसले का असर हजारीबाग से लेकर रांची तक देखने को मिल सकता है, जिस तरीके से ये सीटें क्लोज फाईट में फंसी नजर आ रही है, उस हालत में देखना होगा कि रांची में देवेन्द्र महतो और हजारीबाग में संजय मेहता ने कुर्मी मतों में कितनी सेंधमारी की, और यदि देवेन्द्र महतो इचागढ़ और दूसरे कुर्मी बहुल इलाको में सेंधमारी में सफल होते है, तो इसका सीधा नुकसान भाजपा को उठाना पड़ सकता है.

असली खेल तो विधान सभा चुनाव में होने वाला है

लेकिन बड़ा सवाल गिरिडीह संसदीय सीट को लेकर हैं, जहां चन्द्रप्रकाश चौधऱी के पक्ष में खुद पीएम मोदी की रैली हुई है, यदि बावजूद इसके उस गिरिडीह से चन्द्रप्रकाश चौधरी को हार का सामना करना पड़ता है, तो फिऱ भाजपा को एक बार नये सिरे से जयराम के बारे में रणनीति तैयार करनी होगी, और इस सियासी संघर्ष में चन्द्रप्रकाश चौधरी को विजयश्री हाथ लगती है, तो यही सवाल झामुमो के सामने खड़ा होने वाला है, क्योंकि यह तो महज एक झांकी है, असली खेल तो विधान सभा चुनाव में होने वाला है. और यदि भाजपा विरोधी मतों का इसी तरीक से बंटवारा होता है, तो इसका लाभ भाजपा को मिलना तय है. लेकिन यदि जयराम गिरिडीह का किला ध्वस्त कर अपने नाम करने में कामयाब रहता है तो फिर यह सवाल भी खडा होगा कि गिरिडीह में किसका जादू चला? आखिर जयराम के सामने पीएम मोदी का मैजिक फेल क्यों हुआ? और यदि हार मिली तो भी सारे सियासी दलों के सामने अपनी रणनीति पर एक बार फिर विचार करने की जरुरत होगी, यानि वह दिन अब खत्म हुए, जब जयराम को राजनीति का नौसिखिया बताकर टालने की कोशिश की जाती थी.

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More