आतिशी ने हरियाणा, यूपी से दिल्ली को अतिरिक्त पानी देने का अनुरोध किया

नई दिल्ली, 2 जून (आईएएनएस)। दिल्ली में जारी पानी की कमी के बीच जल मंत्री आतिशी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर मानसून आने तक एक महीने के लिए राष्ट्रीय राजधानी को अतिरिक्त पानी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।

आतिशी ने कहा कि दिल्ली इस साल अब तक के सबसे बुरे जल संकट का सामना कर रही है। इस साल पानी की मांग कई गुणा बढ़ गई है।

उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री को लिखा है, “तापमान लगभग 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। दिल्ली अपने जल संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर रही है। मौजूदा संकट से निपटने के लिए हरियाणा को यमुना में तत्काल अतिरिक्त पानी छोड़ने की जरूरत है।”

उन्होंने कहा कि वजीराबाद बैराज पर यमुना नदी में पानी का स्तर घटकर 670.3 फीट रह गया है जबकि सामान्य स्तर 674.5 फीट है। उन्होंने पत्र में लिखा, “पानी के स्तर में कमी के कारण हमारे जल शोधन संयंत्रों की उत्पादन क्षमता बुरी तरह प्रभावित हुई है। दिल्ली के लोगों की मांग पूरी करने और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए यमुना में तुरंत अतिरिक्त पानी की जरूरत है।”

आतिशी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में लिखा है कि लू का प्रकोप इस कदर है कि हरसंभव स्रोतों से मदद की जरूरत है।

उन्होंने पत्र में लिखा है, “मैं आपसे हमारे अनुरोध पर ध्यान देने और दिल्ली को अगले एक महीने के लिए अतिरिक्त पानी मुहैया कराने की अपील करती हूं ताकि दिल्लीवासी आराम से चरम गर्मी के इस समय का सामना कर सकें। दिल्ली सरकार और राष्ट्रीय राजधानी के निवासी उत्कंठापूर्वक आपके सकारात्मक जवाब की प्रतीक्षा कर रहे हैं।”

–आईएएनएस

एकेजे/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More