लोकसभा चुनाव 2024: धनबाद की बाजी किसके हाथ! अगड़ी जातियों की गोलबंदी में फंसा भाजपा का कांटा!

रांची: कोयला नगरी धनबाद की हवा जितनी जहरीली है, उतनी ही उलझी है उसकी सियासत. इस काली नगरी में डॉनों की भूमिका कोई नई नहीं है, देश के चर्चित डॉनों की यह कर्म भूमि रही है, एक तरफ सिंह मेंशन की धमक और रघुकुल का जलबा है तो दूसरी ओर प्रिंस खान से लेकर गैंग ऑफ वासेपुर का आंतक. करीबन 14 फीसदी मुस्लिम,15 फीसदी अनुसूचित जाति, 9 फीसदी अनुसूचित जनजाति के साथ ही 14 फीसदी कुर्मी जाति की आबादी के बावजूद धनबाद लोकसभा में अगड़ी जातियों की दावेदारी रही है. यदि हम 1991 से 1999 तक के उस दौर को निकाल दें, जब भाजपा के टिकट से रीता वर्मा सांसद रही, इस सीट पर लगातार अगड़ी जातियों का कब्जा रहा. वह चाहे पीसी बोस हो या फिर पी.आर चक्रवर्ती, रानी ललिता राज लक्ष्मी हो या राम नारायण शर्मा, शंकर दयाल सिंह हो या मशहुर वामपंथी नेता एके राय या फिर चन्द्रशेखर दूबे, पिछड़ा आदिवासी और अल्पसंख्यक बहुल इस लोकसभा में चेहरे तो बदले, लेकिन हर बार चेहरा किसी ना किसी अगड़ी जाति का ही रहा.
रीता वर्मा के बाद भाजपा ने फिर से किया पिछड़ा प्रयोग
लेकिन रीता वर्मा को पांच बार संसद भेजने वाली भाजपा ने इस बार फिर से यहां एक पिछड़े चेहरे पर दांव लगाया, और वह चेहरा था कोयला किंग के रुप में चर्चित, बाधमारा विधायक ढुल्लू महतो का. हालांकि अगड़ी जातियों में इस बात की चर्चा गरम थी कि यदि इस बार पीएन सिंह का पत्ता साफ होता है तो किसी ना किसी अगड़ी जाति को ही उम्मीदवार बनाया जायेगा. अगड़ी जातियों में भी राजपूत जाति के बीच दावेदारी कुछ ज्यादा ही मुखर थी. लेकिन जैसे ही ढुल्लू महतो की उम्मीदवारी सामने आया, अचानक से भाजपा के अंदर से विरोध के स्वर गूंजने लगे. काफी दिनों से इस सीट पर हसरत पाले सरयू राय ने तो ढुल्लू महतो के खिलाफ मोर्चा ही खोल दिया. कोयला का काले साम्राज्य खड़ा कर अकूत कमाई का आरोप लगाया, जमीन की लूट और अवैध कब्जा से लेकर दर्जनों आरोप लगाया गया. भाजपा आलाकमान से तत्काल प्रत्याशी बदलने की मांग गुहार लगायी गयी, लेकिन भाजपा अपने फैसले पर अडिग रही.
अगड़ी जातियों में पसरती नाराजगी को कैश करने की कोशिश
इधर अगड़ी जातियों में पसरती इस नाराजगी को कैश करने की चाहत में कांग्रेस ने बेरमो विधायक अनुप सिंह की पत्नी अनुपमा सिंह को मैदान में उतारा. अपनी हसरतों को पूरा नहीं होते देख आखिरकार सरयू राय भी मैदान हटते दिखे और बूझे मन से ही सही अनुपमा सिंह को जीत का आशीर्वाद दिया. लेकिन सरयू राय की मुश्किल यह रही है कि जिस आक्रमता के साथ ढुल्लू महतो पर कोयले की काली कमाई का आरोप लगाया, अनुप सिंह के काले कारोबार पर चुप्पी साध गयें. जबकि खुद अनुप सिंह की पहचान भी एक कोयला किंग के रुप में है. सरयू राय की इस रणनीति पर सवाल खड़ा करते हुए ढुल्लू महतो ने यह दावा भी पेश कर दिया कि हमसे कमाई का हिसाब मांगने वाले अनुप सिंह से उसकी कमाई का हिसाब क्यों नहीं मांगते, जबकि अनुप सिंह और इनके पिता राजेन्द्र सिंह की पूरी दौलत ही कोयले की कमाई से खड़ी हुई है. अपने बचाव में जैसे ही ढुल्लू महतो ने अनुप सिंह को कटघरे में खड़ा किया. पिछड़ी जातियों का एक हिस्सा ढुल्लू महतो के साथ खड़ा दिखा. दरअसल ढुल्लू महतो की रणनीति भी यही थी. उनकी पूरी कोशिश इस लड़ाई को अगड़ा बनाम पिछड़ा बनाने की थी और एक हद तक यह रणनीति कामयाब भी रही. इस बीच धनबाद के सियासी अखाड़े में अपनी जमीन की तलाश कर रहे टाईगर जयराम के एक साथी का ऑडियो क्लिप सामने आया, जिसमें इस बात का दावा किया कि टाईगर जयराम की मंशा कुर्मी वोटरों को ढुल्लू महतो के साथ खड़ा करने की है.
पर्दे के पीछे का खेल
साफ है कि धनबाद की सियासत में जितना खेल रैलियों और भाषण के सहारे खेला जा रहा था, उससे बड़ा खेल पर्दे के पीछे हो रहा है, जहां अपनी हिस्सेदारी गायब होते ही अगड़ी जातियों की प्राथमिकता बदल रही थी, पीएम मोदी के बजाय अब वे अनुपमा सिंह में अपना चेहरा देख रहे थें, वहीं पिछड़ी जातियों में यह सवाल गहरा रहा था कि आखिर पिछड़ा बहुल इस लोकसभा में हर बार अगड़ी जातियों की दावेदारी को ही क्यों कबूल किया जाय?
अगड़ी जातियों के बीच का अंतर्द्वंद
इधर अगड़ी जातियों के बीच का अंतर्द्वंद भी देखने को मिला. जहां राजपूत मतदाता पूरी ताकत के साथ अनुपमा सिंह के साथ खड़ा नजर आयें, वहीं भूमिहार मतदाताओं में यह सवाल खड़ा होता नजर आया कि यदि अनुपमा सिंह की जीत होती है, तो फिर उनकी भविष्य की सारी सियासी संभावनाओं पर विराम लग जायेगा और इसकी काट की कार्ययोजना भी तैयार हुई. बावजूद इसके धनबाद में पलड़ा किसका भारी है, कहना थोड़ा मुश्किल है. लेकिन जिस तरीके से पीएम मोदी की रैली हुई है और पिछड़ी जातियों की गोलबंदी ढुल्लू महतो के पक्ष में खड़ी होती नजर आयी, उसके बाद ढुल्लू महतो के लिए जीत की संभावना जरुर बनी हुई है. हालांकि अंतिम नतीजा चार जून को ही आयेगा, और यदि वास्तव में ढुल्लू महतो बाजी मार जाते हैं, तो यह दूसरी बार होगा कि कोई पिछड़ी जाति का चेहरा धनबाद का प्रतिनिधित्व करेगा, और मजे की बात यह है कि इस बार भी चेहरा भाजपा से होगा, जबकि जनसंख्या के हिसाब से सियासी भागीदारी का नारा लगाने वाली कांग्रेस इस मोर्चे पर भी पिछड़ती नजर आयेगी.
