लोकसभा चुनाव 2024: राजमहल की बाजी किसके हाथ!

रांची: लोकसभा मतदान की समाप्ति के बाद सबकी निगाहें हार जीत का सियासी गणित सुलझाने में लगी है. हर सियासी दल अपने-अपने सामाजिक समीकरणों को सामने रख कर अपनी-अपनी जीत का हुंकार भर रहा है. कुछ यही कहानी राममहल लोकसभा सीट की भी है. जहां भाजपा को लोबिन की इंट्री में अपनी नैया पार होती नजर आ रही है, वहीं झाममो आज भी राजमहल को अपना सबसे मजबूत किला मान रहा है, और इस विश्वास के पीछे आंकड़ों का खेल भी है. राष्ट्रीय राजनीति में पीएम मोदी के इंट्री के बाद भले ही दुमका का अभेद किला उसके हाथ से निकल गया हो, दुमका से आठ-आठ बार संसद पहुंचने वाले दिशोम गुरु के किले में कमल खिल चुका हो. लेकिन चाहे वर्ष 2014 में पीएम मोदी की सुनामी हो या वर्ष 2019 का राष्ट्रवाद की लहर. जहां फुलवामा अटैक के बाद विपक्षी दलों के सारे सियासी समीकरण एक बारगी विखरता नजर आया था. बावजूद इसके राजमहल में विजय हांसदा का विजय रथ पर कोई असर देखने को नहीं मिला.
दिशोम गुरु का सबसे विश्वसनीय शिष्य लोबिन हेम्ब्रम का विद्रोह
जहां 2014 में विजय हांसदा ने करीबन 40 हजार मतों के साथ भाजपा के हेमलाल मुर्मू को पटकनी दी थी, वहीं वर्ष 2019 में जीत का यह अंतर करीबन एक लाख का हो गया. यानि राष्ट्रवाद के लहर में भी विजय हांसदा ने और भी बड़े मार्जिन के साथ अपनी वापसी की. लेकिन इस बार की परिस्थिति थोड़ी बदली नजर आ रही है, पहला बदलाव तो यही है कि दो बार के सियासी शिकस्त के बाद खुद हेमलाल मुर्मू घर वापसी कर चुके हैं. अब वह कमल खिलाने के बजाय तीर-धनुष के साथ भाजपा पर आदिवासी विरोधी होने का आरोप चस्पा कर रहें हैं, पूर्व सीएम हेमंत की गिरफ्तारी को आदिवासी अस्मिता और स्वाभिमान पर हमला बता रहे हैं. वहीं वर्ष 2014 और 2019 में भाजपा के खिलाफ आक्रमक रहे, झामुमो का सबसे पुराना योद्धा और दिशोम गुरु का विश्वसनीय शिष्य लोबिन हेम्ब्रम इस बार खुद विजय हांसदा के विजय रथ को रोकने की हुंकार लगा रहे थें और यही वह कड़ी है, जहां से भाजपा को राजमहल में कमल खिलने की गुंजाइश दिखलायी देती है. हालांकि भाजपा के इस सपने का धरातल की जमीन पर उतरना, इस बात पर निर्भर करता है कि लोबिन हेम्ब्रम झामुमो के आधार मत में कितनी सेंधमारी कर पाते हैं. शुरुआती दौर में जीत की हुंकार भरते नजर आ रहे लोबिन हेम्ब्रम, जैसे-जैसे चुनावी संग्राम तेज हुआ, कई परेशानियों से धिरते नजर आयें. इस हालत में लोबिन के लिए चालीस हजार का आंकड़ा भी पार करना मुश्किल नजर आता है. और यदि ऐसा होता है कि भाजपा की हसरतों पर एक बार फिर से पानी फिर सकता है.
गुरुजी से बगावत की खबर फैलते ही कमजोर पड़ने लगे लोबिन
राजमहल के सियासी संग्राम पर नजर रखने वाले पत्रकारों का दावा है कि शुरुआती दिनों में लोबिन ने जीत की हुंकार तो जरुर लगायी, लेकिन जैसे-जैसे चुनावी संघर्ष तेज हुआ, आदिवासी मतदाताओं के बीच यह बात तेजी से फैलनी लगी कि इस बार लोबिन गुरुजी के साथ खड़ा नहीं होकर भाजपा की राह आसान बनाने की कवायद भर कर रहे हैं. और इसके साथ ही आदिवासी मतदाताओं ने लोबिन से दूरी बनानी की शुरुआत कर दी, इधर झामुमो आदिवासी मतदाताओं के बीच यह संदेश पहुंचाने में भी कामयाब रहा कि लोबिन का चुनाव चिन्ह तीर-धनुष ही है. लोबिन की पूरी सियासत इसी भ्रमजाल में फंसी नजर आयी.
क्या है सियासी समीकरण
जहां तक सियासी समीकरण की बात है तो राजमहल लोकसभा के अंतर्गत आने वाले कुल छह विधान सभाओं में आज के दिन चार पर झामुमो, एक पर कांग्रेस और महज एक सीट पर भाजपा का कब्जा है. राजमहल से अनंत कुमार ओझा (भाजपा), बारियो- लोबिन हेम्ब्रम (झामुमो), बरहेट-हेमंत सोरेन (झामुमो), लिटीपाड़ा- दिनेश विलियम मरांडी (झामुमो), महेशपुर- स्टीफन मरांडी (झामुमो) और पाकुड़- आलमगीर आलम (कांग्रेस) का कब्जा है. साफ है कि इस मोर्चे पर भी भाजपा कमजोर नजर आती है. लेकिन भाजपा की सबसे बड़ी मुश्किल पूर्व सीएम हेमंत की गिरफ्तारी के बाद आदिवासी समाज के बीच उमड़ता आक्रोश है. वह चाहे दुमका हो या खूंटी, चाईबासा हो या लोहरदगा हर जगह आदिवासी समाज एक बड़ा तबका भाजपा के खिलाफ नाराज दिखा. इस हालात में राजमहल में भाजपा की हसरतें पूरी होती तो नजर नहीं आती, लेकिन यदि लोबिन एक लाख का आंकड़ा पार करते हैं, तो झामुमो के इस किले में कमल खिलने की कोई संभावना बन सकती है, जो फिलहाल दूर की कौड़ी ही नजर आती है.
