बिहार : पाटलिपुत्र से भाजपा प्रत्याशी रामकृपाल यादव पर हमला, समर्थक का सिर फोड़ा

पटना, 1 जून (आईएएनएस)। बिहार के पाटलिपुत्र संसदीय क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न होने के बाद भाजपा प्रत्याशी और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव पर फायरिंग की गई। हालांकि यादव को किसी प्रकार की क्षति नहीं पहुंची है। हमले में उनके एक समर्थक का सिर फोड़ दिया गया। घायल समर्थक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रामकृपाल यादव ने बताया कि यह हमला मसौढ़ी के पास हुआ। उन्होंने बताया कि शनिवार की शाम वह मसौढ़ी के पिंजाड़ी गांव से निकलकर सड़क पर आए ही थे कि अज्ञात अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। इसके बाद हमारे सुरक्षाकर्मियों ने मोर्चा संभाला। वे हमले में बाल-बाल बच गए।

उन्होंने बताया हमले के दौरान हमारे एक समर्थक ने जब मुझे बचाने की कोशिश की, तो अज्ञात लोगों ने उसका सिर फोड़ दिया। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पाटलिपुत्र के सांसद यादव ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई है।

उन्होंने कहा कि यह विरोधियों की साजिश है। पिछले 40 साल से वे राजनीति में हैं, लेकिन ऐसी घटना कभी नहीं घटी।

उल्लेखनीय है कि सातवें चरण में शनिवार को बिहार की आठ सीटों पर मतदान हुआ। इस पाटलिपुत्र में भी वोट डाले गए। पाटलिपुत्र में भाजपा प्रत्याशी रामकृपाल यादव का मुकाबला राजद अध्यक्ष लालू यादव की पुत्री मीसा भारती से माना जा रहा है।

–आईएएनएस

एमएनपी/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More