टीवी9-पीपुल्स इनसाइट के एग्जिट पोल में भाजपा कई राज्यों में कर रही क्लीन स्वीप

नई दिल्ली, 1 जून (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव के लिए मतदान का दौर अब खत्म हो चुका है। देश भर में सात चरणों में वोट डाले गए। तमाम प्रत्याशियों की किस्मत अब ईवीएम में कैद हो चुकी है। हर किसी को अब चार जून का इंतजार है, जब वोटों की गिनती होगी और चुनाव के नतीजे सामने आएंगे। लेकिन इससे पहले किए गए एग्जिट पोल में भाजपा कई राज्यों में क्लीन स्वीप करती दिखाई दे रही है।

टीवी9-पीपुल्स इनसाइट के एग्जिट पोल में एनडीए को 342 सीट, इंडिया गठबंधन को 166 सीट और अन्य को 35 सीट मिलती हुई नजर आ रही है।

तमिलनाडु की 39 सीटों में से इंडिया गठबंधन को 35 और एनडीए को 4 सीटें मिलने की संभावना जताई जा रही है।

केरल की 20 लोकसभा सीटों में से यूडीएफ को 16 सीट, एलएफडी को तीन और भाजपा तो एक सीट मिलती हुई दिखाई दे रही है।

कर्नाटक में भाजपा को 20 सीटें और इंडिया अलायंस को 8 सीटें मिलती हुई नजर आ रही हैं।

तेलंगाना में भाजपा के खाते में सात और कांग्रेस के खाते में आठ सीटें जा रही हैं। वहीं, दो सीटें अन्य के खाते में जाती हुई नजर आ रही हैं।

आंध्र प्रदेश की 25 लोकसभा सीटों में से 12 सीट एनडीए को मिल रही है। वाईएसआरसीपी के खाते में 13 सीटें जाती हुई दिख रही हैं।

दिल्ली में भाजपा एक बार फिर क्लीन स्वीप करती हुई नजर आ रही है। दिल्ली की सभी सात सीटों पर भाजपा को जीत मिल रही है।

राजस्थान की 25 सीट में से भाजपा को 19 और इंडिया गठबंधन को 5 सीट मिलती हुई दिखाई दे रही है। वहीं, एक सीट अन्य के खाते में जाती हुई नजर आ रही है।

मध्यप्रदेश में लोकसभा की 29 सीटें हैं और सभी सीटों पर जीत रही है। छिंदवाड़ा सीट से कमलनाथ के बेटे नकुल नाथ भी चुनाव हार सकते हैं।

छत्तीसगढ़ में भी सभी 11 लोकसभा सीट भाजपा के खाते में जाती दिखाई दे रही है। गुजरात में भी सभी 26 लोकसभा सीटों पर भाजपा क्लीन स्वीप करती नजर आ रही है।

महाराष्ट्र की अगर हम बात करें, तो यहां लोकसभा की कुल 48 सीटें हैं। इनमें से एनडीए को 22 और इंडिया गठबंधन को 25 सीटें मिलती दिखाई दे रही हैं।

बिहार 40 में से 29 सीट एनडीए के खाते में, 8 सीट इंडिया गठबंधन के खाते में और 3 सीट अन्य के खाते में जाती हुई नजर आ रही है।

झारखंड की 14 में से 12 सीट भाजपा के खाते में और एक सीट इंडिया गठबंधन के खाते में जा रही है।

पश्चिम बंगाल की 42 में से 17 सीट भाजपा के खाते में, 24 सीट टीएमसी के खाते में और एक सीट कांग्रेस के खाते में जाती दिखाई दे रही है।

पंजाब की 13 लोकसभा सीटों में से तीन सीट भाजपा, पांच सीट कांग्रेस, तीन सीट आम आदमी पार्टी और दो सीट अन्य के खाते में जाने की उम्मीद है।

हरियाणा की 10 में से 8 सीट एनडीए को और दो सीट इंडिया गठबंधन को मिलती हुई दिखाई दे रही है।

हिमाचल प्रदेश की सभी 4 सीटों पर भाजपा क्लीन स्वीप कर रही है।

उत्तराखंड की सभी पांचों सीटों पर भाजपा के जीतने की उम्मीद है।

जम्मू कश्मीर की 5 में से 2 सीट बीजेपी को, एक-एक सीट एनसी, पीडीपी और अन्य को मिलती हुई दिखाई दे रही है।

ओडिशा में भाजपा को 13 और बीजेडी को 7 सीटें मिलने की उम्मीद है।

असम में लोकसभा की 14 में से 11 सीट भाजपा के खाते में, कांग्रेस के खाते में दो सीट और अन्य के खाते में एक सीट जाती हुई दिखाई दे रही है।

–आईएएनएस

पीएसके/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More