सीएम धामी ने भगवान बद्रीनाथ के किए दर्शन, चारधाम यात्रा की तैयारियों का भी लिया जायजा

बद्रीनाथ, 1 जून (आईएएनएस)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बद्रीनाथ धाम पहुंचकर सबसे पहले भगवान बद्रीनाथ का दर्शन-पूजन किया। उन्होंने देश और प्रदेश की समृद्धि के लिए भगवान बद्रीनाथ से प्रार्थना की।

पुजारियों ने सीएम धामी को भगवान बद्रीनाथ का विशेष प्रसाद भेंट किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बद्रीनाथ धाम में दर्शनों के लिए आए सभी श्रद्धालुओं से बातचीत की और उनसे चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। उनकी समस्याओं को भी सुना।

मुख्यमंत्री धामी ने बद्रीनाथ धाम में यात्रा व्यवस्थाओं के साथ श्रद्धालुओं को दी जा रही सभी सुविधाओं और सुरक्षा का स्थलीय निरीक्षण भी किया। धाम में आई जनता अपने बीच मुख्यमंत्री को देखकर बहुत खुश और उत्साहित नजर आई।

मुख्यमंत्री धामी ने श्रद्धालुओं के रुकने के लिए बनाई गए गेस्ट हाउस का निरीक्षण किया। श्रद्धालुओं को दिए जाने वाले भोजन को भी देखा। पेयजल, बिजली, दवाइयां, साफ सफाई, शौचालय आदि सभी का निरीक्षण किया और सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। धाम में पेयजल आपूर्ति, बिजली और साफ-सफाई का खास ख्याल रखा जाए।

इसके बाद मुख्यमंत्री धामी ने बद्रीनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण कार्य का भी स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि पुनर्निर्माण कार्य में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

–आईएएनएस

स्मिता/एकेएस

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More