दुमका के रण में सोरेन परिवार के बहुओं की अग्नि परीक्षा!

रांची: देवघर का सारठ, जामताड़ा का नाला और जामताड़ा विधान सभा के साथ ही दुमका जिले के शिकारीपाड़ा, दुमका और जामा विधान सभा को अपने आप में समटे दुमका का सियासी संघर्ष इस बार सोरेन परिवार की दो बहुओं के लिए राजनीतिक अस्तित्व का सवाल बन कर खड़ा है. दिशोम गुरु की बड़ी बहु और जामा विधायक सीता सोरेन के सामने दुमका के उस किले में कमल खिलाने की चुनौती है, जिस किले में अब तक उनके ससुर और झारखंडी जनमानस के बीच दिशोम गुरु का पदवी पा चुके, शिबू सोरेन ने आठ बार तीर-धनुष का परचम लहाराया है.
1980 में इसी दुमका से शिबू सोरेन कांग्रेसी उम्मीदवार पृथ्वी चन्द्र किस्कू को पराजित कर पहली बार लोकसभा पहुंचे थें और उसके बाद मानो दुमका और गुरुजी एक दूसरे पर्यायवाची बन गयें. हालांकि बीच-बीच इस सफर पर विराम भी लगा, जब 1998-1999 में पहली बार बाबूलाल ने दुमका में कमल खिलाया, और 2019 के फुलवामा हमले के बार उभरे राष्ट्रवाद की आंधी में सुनील सोरेन ने अपने ही राजनीतिक गुरु दिशोम गुरु को पटकनी देने में सफलता प्राप्त की.
लेकिन अब जब राष्ट्रवाद की आंधी गुजर चुकी है, पूरा चुनाव स्थानीय मुद्दों के इर्द-गिर्द सिमटा नजर आ रहा है. पूर्व सीएम हेमंत की गिरफ्तारी को आदिवासी समुदाय अपने सामाजिक अस्तित्व के साथ जोड़कर देखता नजर आ रहा है. भाजपा के सामने इस सीट को बचाये रखने की चुनौती यकीनन बेहद गंभीर है और भाजपा को भी इस गंभीर चुनौती का एहसास था, और इसी संकट का समाधान के लिए गुरुजी की बड़ी बहु सीता सोरेन की इंट्री करवायी गयी.
यहां यह भी ध्यान रहे कि यह वही सीता सोरेन हैं, जिस पर भाजपा हाउस ट्रेडिंग मामले में करोड़ों रुपये का भ्रष्ट्राचार का आरोप लगाती रही थी. गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे जेल जाने की चेतावनी दे रहे थें. लेकिन राजनीतिक विद्रूपता का एक खूबसूरत उदाहरण यह भी है कि आज वही भाजपा दुमका का किला बचाने के लिए सीता को “अग्नि परीक्षा” में झोंक रही है.
अग्नि परीक्षा में असफल होने के बाद क्या होगा सीता का भविष्य?
सीता की मुश्किल यह है कि यदि वह इस अग्नि परीक्षा में फेल होती है, तो भाजपा की नजर में उनकी उपयोगिता लगभग समाप्त हो जायेगी या बहुत हद तक उसी जामा से विधान सभा में उतारा जायेगा, जहां से 2009 से लगातार वह झामुमो के टिकट पर चुनाव जीतती रही है. इस हालत में पलटवाजी के बाद सीता के हिस्से हाथ क्या आया? एक बड़ा सवाल होगा, और संकट तो जामा में भी खड़ा होगा, क्योंकि जामा की सफलता के पीछे झामुमो का योगदान कितना है, और खुद सीता सोरेन का खून-पसीने की हिस्सेदारी कितनी है, यह भी एक गंभीर सवाल है, अब तो ना तो सीता सोरेन के साथ झामुमो की फौज होगी, ना ही गुरुजी का आशीर्वाद, तो क्या दुमका में सियासी शिकस्त के साथ ही जामा का रास्ता भी बंद जायेगा. फिलहाल यह सवाल कई सियासी जानकारों को मन में उठता दिख रहा है.
अग्नि परीक्षा सिर्फ सीता की नहीं है, छोटी बहु कल्पना की साख भी दांव पर
लेकिन दुमका की अग्नि परीक्षा सिर्फ सीता की नहीं है, यह सोरेन परिवार की छोटी बहु कल्पना सोरेन की भी अग्नि परीक्षा है. उनकी परीक्षा इस बात को लेकर है कि पति हेमंत की गैरमौजूदगी में वह कैसे इस किले को बचाती है. क्योंकि भले ही कल्पना सिर पर गुरुजी का आशीर्वाद हो, लेकिन यह शायद पहला चुनाव है, जब गुरुजी इस सियासी समर से दूर है और युद्ध की पूरी कमान अपनी छोटी बहु के हाथ में सौंप चुके हैं. देखना होगा कि झामुमो कार्यकर्ताओं और संताल के आदिवासी समाज के बीच कल्पना का यह हुंकार कौन सा रंग खिलाता है.
