लोकसभा चुनाव का 7 वां चरण : 11 बजे तक 26.30 प्रतिशत हुआ मतदान

नई दिल्ली, 1 जून (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव के 7 वें एवं अंतिम चरण के तहत पंजाब, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड और चंडीगढ़ सहित देश के 8 राज्यों एवं संघ शासित प्रदेशों की 57 लोकसभा सीटों पर मतदान जारी है। सुबह 11 बजे तक इन सभी लोकसभा सीटों पर 26.30 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं।

सुबह 11 बजे तक सबसे ज्यादा हिमाचल प्रदेश में 31.92 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है, वहीं सबसे कम मतदान ओडिशा में दर्ज किया गया जहां सुबह 11 बजे तक 22.64 प्रतिशत मतदाताओं ने ही वोटिंग की।

अन्य राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की बात करें तो झारखंड में 29.55 प्रतिशत, पश्चिम बंगाल में 28.10 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश में 28.02 प्रतिशत, चंडीगढ़ में 25.03 प्रतिशत, बिहार में 24.25 प्रतिशत और पंजाब में 23.91 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है।

लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के मतदान के तहत आज पंजाब की 13, उत्तर प्रदेश की 13, पश्चिम बंगाल की 9 ,बिहार की 8, ओडिशा की 6, हिमाचल प्रदेश की 4, झारखंड की 3 और चंडीगढ़ की एक लोकसभा सीट सहित 8 राज्यों एवं संघ शासित प्रदेशों की 57 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है।

आज के आखिरी दौर के इस मतदान के पूरा होने के साथ ही लोकसभा के लिए वोटिंग पूरी हो जाएगी। मतों की गिनती 4 जून को होगी।

भाजपा इस बार अकेले 370 और एनडीए 400 पार के नारे के साथ चुनाव मैदान में उतरी है। भाजपा मोदी सरकार के 10 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को जनता के सामने रखते हुए मतदाताओं से लगातार तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाने के लिए जनादेश मांग रही है।

वहीं विपक्षी दलों की बात करें तो कई दल आपस में गठबंधन कर भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि विपक्षी गठबंधन के सूत्रधार बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बाद में भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए गठबंधन में ही शामिल हो गए।

वहीं दिल्ली, हरियाणा और गुजरात में मिलकर चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पंजाब में अलग-अलग चुनाव लड़ रही है। विपक्षी गठबंधन का हिस्सा होने का दावा करने के बावजूद तृणमूल कांग्रेस की मुखिया एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राज्य में अकेले चुनाव लड़ रही हैं।

–आईएएनएस

एसटीपी/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More