अंतिम दौर का मतदान शुरू, पीएम, कई मंत्री व विपक्षी नेता लड़ रहे हैं चुनाव

नई दिल्ली, 1 जून (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव का मतदान अपने अंतिम दौर में पहुंच गया है। शनिवार सुबह 7 बजे से लोकसभा चुनाव के सातवें व आखिरी चरण के लिए 57 सीटों पर मतदान शुरू हुआ। इससे पहले लोकसभा की 486 सीटों के लिए 6 चरणों में मतदान हो चुका है।

आखिरी दौर का यह मतदान पूरा होने के साथ ही लोकसभा के लिए वोटिंग पूरी हो जाएगी। इस आखिरी दौर में स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उम्मीदवार हैं। उनके अलावा कई केंद्रीय मंत्री व विपक्ष के बड़े नेता भी चुनावी मैदान में हैं। लोकसभा की 57 सीटों के अलावा ओडिशा राज्य विधानसभा की शेष 42 सीटों के लिए भी मतदान हो रहा है।

सातवें चरण की 57 सीटों पर मतदान के लिए विभिन्न राज्यों में कुल मिलाकर 1.09 लाख मतदान केंद्रों पर वोटिंग हो रही है। जिन 57 सीटों पर मतदान हो रहा है, वहां कुल 10.06 करोड़ से अधिक मतदाता हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक, इन 10.06 करोड़ से अधिक मतदाताओं में लगभग 5.24 करोड़ पुरुष, 4.82 करोड़ महिला और 3574 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

सातवें चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी से उम्मीदवार हैं। हिमाचल की मंडी सीट से भाजपा ने अभिनेत्री कंगना रनौत को उम्मीदवार बनाया है। मंडी सीट पर हो रहे इस चुनाव में कंगना को कांग्रेस के विक्रमादित्य सिंह मुकाबला दे रहे हैं।

पश्चिम बंगाल से ममता बनर्जी के भतीजे व टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी भी अंतिम दौर के इस मतदान में उम्मीदवार हैं। पंजाब में कांग्रेस उम्मीदवार व पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी चुनाव लड़ रहे हैं। यहां सभी 13 संसदीय सीटों पर मतदान हो रहा है।

बिहार में भोजपुरी कलाकार पवन सिंह, ऊर्जा मंत्री आरके सिंह, पंकज चौधरी, मिर्जापुर से अनुप्रिया पटेल, चंदौली से महेंद्रनाथ पांडेय व हमीरपुर से अनुराग ठाकुर सातवें चरण में चुनाव लड़ रहे हैं।

इस अंतिम चरण में 8 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से 904 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। मतदान पूरा होने के उपरांत अब 4 जून को वोटों की गिनती होगी।

सातवें एवं आखिरी चरण में बिहार की 8 सीटों पर लोकसभा चुनाव हो रहा है। चंडीगढ़ की 1 सीट पर, हिमाचल प्रदेश की चारों संसदीय सीटों पर लोकसभा का चुनाव हो रहा है।

इसके अलावा झारखंड की 3 सीटों पर, ओडिशा की 6 सीटों पर व पंजाब की सभी 13 सीटों पर भी मतदान हो रहा है।

वहीं उत्तर प्रदेश की 13 और पश्चिम बंगाल की 9 सीटों पर भी अंतिम व सातवें चरण में मतदान हो रहा है। चुनाव आयोग के मुताबिक पिछले दो चरणों में, महिला मतदाताओं का मतदान प्रतिशत पुरुष मतदाताओं से अधिक रहा है।

–आईएएनएस

जीसीबी/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More