लोकसभा चुनाव : प्रियंका गांधी ने 55 दिन में की 108 जनसभाएं, रोड शो भी शामिल

नई दिल्ली, 30 मई (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण के लिए चुनाव प्रचार गुरुवार शाम समाप्त हो गया। इस दौरान कांग्रेस पार्टी ने बताया कि उनकी स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी वाड्रा ने लोकसभा चुनाव के पूरे प्रचार अभियान के दौरान 55 दिन में 108 जनसभाएं और रोड शो किए। प्रियंका ने 16 राज्यों व 1 केंद्र शासित प्रदेश में प्रचार किया।

कांग्रेस पार्टी का कहना है कि लोकसभा चुनाव में प्रियंका गांधी के भाषण चर्चा के विषय रहे। सधे हुए अंदाज में उन्होंने प्रधानमंत्री के आरोपों का जवाब दिया। कांग्रेस के मुताबिक प्रियंका ने प्रधानमंत्री व भाजपा के नैरेटिव को अपने बेबाक भाषणों से धराशायी किया। प्रियंका के भाषणों की संवाद, बातचीत की शैली, सौम्यता, सादगी एवं विनम्रता इस दौरान जनता की पसंद बनी।

गुरुवार को प्रियंका गाधी वाड्रा ने लोकसभा चुनाव अभियान की समाप्ति एक रोड शो के साथ हिमाचल प्रदेश के सोलन में की। इससे पहले गुरुवार को ही उन्होंने जाखू मंदिर, हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर अंतिम रोड शो सोलन में किया। कांग्रेस पार्टी के मुताबिक 55 दिनों के इस चुनाव अभियान में प्रियंका ने 108 जनसभाओं एवं रोड शो में हिस्सा लिया। अमेठी और रायबरेली में हज़ारों कार्यकर्ताओं के दो सम्मेलनों को भी उन्होंने संबोधित किया।

चुनाव अभियान के दौरान प्रियंका ने 100 से अधिक मीडिया बाइट्स, 5 प्रिंट मीडिया इंटरव्यू, 1 टीवी इंटरव्यू भी किया। कांग्रेस का मानना है कि प्रियंका गांधी ने हर दिन 2-3 जनसभाओं और रोड शो के जरिए चुनाव अभियान को धार दी। सबसे तेज अभियान उन्होंने रायबरेली और अमेठी में चलाया। यहां उन्होंने हर दिन औसतन 8-10 सभाओं, स्वागत समारोह और रोड शो में हिस्सा लिया।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में डेरा डालकर प्रियंका ने चुनाव अभियान का जिम्मा उठाया। कांग्रेस का कहना है कि उन्होंने कर्नाटक और केरल के भी चुनाव अभियान में जान फूंकी। असम और त्रिपुरा की सबसे महत्वपूर्ण सीटों पर चुनाव अभियान किया। उत्तराखंड के गढ़वाल व कुमाऊं, महाराष्ट्र के मराठवाड़ा व उत्तर महाराष्ट्र, कर्नाटक के मैसूर कर्नाटक, कल्याण कर्नाटक, कित्तूर कर्नाटक, पंजाब के मालवा क्षेत्रों की सीटों को भी कवर किया।

झारखंड की आदिवासी बाहुल्य सीटों, राजस्थान में मारवाड़, पूर्वी राजस्थान, जयपुर क्षेत्र, मत्स्य क्षेत्र (अलवर) की सीटों, छत्तीसगढ़ के दुर्ग संभाग, बस्तर संभाग, रायगढ़ संभाग और मध्य प्रदेश की चंबल की सीटों को भी उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान कवर किया।

कांग्रेस पार्टी का कहना है कि ⁠प्रियंका की सहारनपुर, धुबरी, फतेहपुर सीकरी, सिरसा, नंदूरबार, कुल्लू, वायनाड, ज़हीराबाद, वाराणसी की जनसभा व रोड शो में लोगों की रिकॉर्ड उपस्थिति देखने को मिली।

–आईएएनएस

जीसीबी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More