अफवाह फैलाने व गुंडागर्दी करने वाली पार्टी है राजद : सम्राट चौधरी

पटना, 30 मई ( आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार-प्रसार का दौर थम चुका है। अंतिम दिन चुनाव प्रचार कर लौटने के बाद बिहार के उप मुख्यमंत्री और भाजपा नेता सम्राट चौधरी ने कहा कि सारण को छोड़कर सभी जगहों पर शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न हुआ है, जो सुखद है।

उन्होंने कहा कि करीब ढाई महीने तक चले प्रचार के बाद बिहार ने जो मूड दिखाया है, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भरोसे के साथ है। लोग देश और बिहार को विकसित और श्रेष्ठ बनाने की ओर देख रहे हैं।

भाजपा मीडिया सेंटर में पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने गारंटी दी है कि भ्रष्टाचारियों को छोड़ा नहीं जाएगा। इसी तरह बिहार सरकार ने भी दो गारंटी दी है। इसमें अपराधी, भ्रष्टाचारी और माफिया को छोड़ा नहीं जाएगा तथा 2025 तक 10 लाख लोगों को नौकरी दी जाएगी।

तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि अब उन्हें संविधान पढ़ने की जरूरत है। उन्होंने पत्रकारों के एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि राजद मतलब एक परिवार है। लालू आरक्षण और गरीब विरोधी रहे हैं। मैंने उन्हें कई बार चुनौती दी है कि वह एक भी व्यक्ति को आरक्षण दिए हों, तो बताएं। लालू यादव ने बिहार को लूटा है, जानवरों का चारा तक खा गए। ऐसी स्थिति में उन्हें छोड़ा नहीं जा सकता है।

उन्होंने कहा कि हम यहां लालू यादव की बात नहीं करेंगे, तो पाकिस्तान में जाकर उनकी बात की जाएगी। उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि शिक्षा व्यवस्था की स्थिति ठीक करनी है। नीतीश कुमार के राज में कानून व्यवस्था सुधरी है, यह लोग नहीं भूल सकते हैं। राजद और तेजस्वी का काम केवल भ्रम फैलाना है।

शिक्षकों को उन्होंने संदेश देते हुए कहा कि किसी शिक्षक की नौकरी नहीं जाएगी। वहीं, राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि राजद के पास एक ही तंत्र है, अफवाह फैलाना। राजद अफवाह फैलाने वाली पार्टी है।

–आईएएनएस

एमएनपी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More