‘उड़ारियां’ की नई कास्ट में शामिल सिमरन खन्ना, कहा- ‘मुझे दबाव में काम करना पसंद नहीं’

मुंबई, 29 मई (आईएएनएस)। कलर्स टीवी पर प्रसारित हो रहे शो ‘उड़ारियां’ में 15 साल का लीप आया है। ऐसे में मेकर्स ने नए कलाकारों को कास्ट किया है, जिसमें एक्ट्रेस सिमरन खन्ना शामिल हो गई हैं। वह शो में आसमा का किरदार निभा रही है। उन्होंने बताया कि वह शूटिंग के दौरान किस तरह अपने डेली रूटीन को फॉलो करती हैं।

सिमरन ने कहा, “शूटिंग के पहले दिन मैं सेट और टीम को समझती हूं और खुद को इसके लिए समय देती हूं। मुझे दबाव में काम करना अच्छा नहीं लगता। मुझे अपना काम पसंद है, लेकिन जब दबाव हो, तो कोई भी अच्छे से काम नहीं कर सकता।”

एक्ट्रेस ने आगे कहा, “मेरे लिए वाइब्स बहुत मायने रखते हैं। इसलिए मैं अपनी वाइब बनाती हूं। मैं अपने आस-पास के लोगों के साथ घुलने-मिलने में यकीन करती हूं। मैं रोजाना पूजा-पाठ करती हूं और काम में पूरा मन लगाती हूं।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं अपनी डेली रूटीन में स्किनकेयर का खास ध्यान रखती हूं। घरेलू कामों में भी खुद को बिजी रखती हूं। मैं नहीं चाहती कि यह आम दिन हो। मैं अपने शॉट्स के बीच में मौज-मस्ती करने के लिए अपने ट्विस्ट और टर्न जोड़ती रहती हूं।”

नए एपिसोड 30 मई से प्रसारित होंगे।

शो में अविनेश रेखी सरब, अदिति भगत हनिया और श्रेया जैन मेहर लीड रोल में नजर आएंगे।

‘उड़ारियां’ कलर्स टीवी पर प्रसारित होता है।

बता दें कि सिमरन खन्ना टीवी शो ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में नजर आयी थीं। इसमें उन्होंने गायत्री गोयनका उर्फ गायू का किरदार निभाया था। उनके इस किरदार को लोगों ने खूब सराहा। इसके अलावा, वह ‘परमावतार श्रीकृष्ण’, ‘उड़ान सपनों की’ और ‘कृष्णाबेन खाकरावाला’ जैसे सीरियल में दिखाई दीं।

–आईएएनएस

पीके/एकेजे

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More