देश के बाहर से विपक्षी नेताओं के दिल की बात का इजहार : भाजपा

नई दिल्ली, 28 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आईएएनएस से खास बातचीत में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को पाकिस्तान से मिल रहे समर्थन पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि कुछ लोग हैं, जिनको हमारे साथ दुश्मनी रखने वाले लोग क्यों पसंद करते हैं, जिनके समर्थन में आवाज वहां से क्यों उठती है, यह बहुत बड़ी जांच-पड़ताल का गंभीर विषय है।

प्रधानमंत्री मोदी के बयान के बाद सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि पाकिस्तान के पूर्व मंत्री फवाद चौधरी ने पाकिस्तान सरकार में मंत्री रहते हुए नेशनल असेंबली में कहा था कि हमने पुलवामा में घुसकर मारा है। वह राहुल गांधी ही नहीं बल्कि नेहरू की भी तारीफ करते हैं। राहुल गांधी के लिए ‘राहुल साहब’ का शब्द प्रयोग करते हैं, वो ये भी कहते हैं कि भाजपा की सरकार जानी चाहिए। मोदी सरकार हटनी चाहिए, कोट-अनकोट उनके शब्द वही हैं, जो इंडिया गठबंधन कहता है। कांग्रेस की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आती है, ऐसे में यह बहुत साफ है कि उनके दिल की बात का इजहार देश के बाहर से हो रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने यह बात बहुत तथ्य के साथ कही है। हमारी सरकार आने से पहले ईडी ने कुल 34 लाख पकड़े थे। जो एक बैग में आ जाते। लेकिन, हमारी सरकार आने के बाद 2,200 करोड़ रुपए बरामद किए गए हैं। अभी 350 करोड़ रुपए कांग्रेस के सांसद के यहां से झारखंड से बरामद हुआ है। 34 लाख बनाम 2,200 करोड़, साफ है जिसका पैसा जा रहा होगा, उसके दिल में तो दर्द हो ही रहा होगा और वह दर्द उसकी जुबान से निकल रहा है।

आईएएनएस से साक्षात्कार में पीएम मोदी ने सीएम केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि जो कहते थे कि सोनिया गांधी को जेल में बंद कर दो, अब वही लोग चिल्लाते हैं। पीएम मोदी के इस बयान पर प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के बहुत सारे वीडियो इस वक्त वायरल हैं, उन्होंने शरद पवार को लेकर ट्वीट किया था। जिसमें उन्होंने कहा था कि मुझे आश्चर्य है कि इतना बेईमान आदमी जिसे जेल में होना चाहिए, वो आज बड़े पद पर बैठा है। कोट-अनकोट ये हमारे शब्द नहीं हैं, यह उनके शब्द हैं। वहीं, साल 2023 में एक और ट्वीट में उन्होंने कहा कि मैं दिल्ली की जनता के लिए शरद पवार से मिलकर समर्थन मांगने जा रहा हूं। 10 साल में इतनी रंगत, इतनी फितरत बदलता इंसान किसी ने नहीं देखा होगा।

मोदी सरकार के दस साल के कार्यकाल की उपलब्धियों को गिनाते हुए सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि निश्चित रूप से हमारे देश में सामर्थ्य है और सामर्थ्य दिख रहा है। हमारे 1.25 लाख से अधिक स्टार्टअप हैं। भारत के 675 जिलों में से 600 जिलों में स्टार्टअप हैं। लगभग 90 प्रतिशत जिले ऐसे हैं, जहां पर स्टार्टअप है। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरू ही नहीं बल्कि अब मिडिल लेवल सिटी और छोटी सिटी में भी स्टार्टअप हैं।

–आईएएनएस

एकेएस/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More