‘गुल्लक 4’ के लिए श्रेयस तलपड़े ने मेरा ऑडिशन रिकॉर्ड किया था : जय ठक्कर

मुंबई, 25 मई (आईएएनएस)। पॉपुलर सीरीज ‘गुल्लक 4’ में ‘जुगाड़ू’ का किरदार निभाने वाले एक्टर जय ठक्कर ने खुलासा किया कि दिल्ली में हॉरर कॉमेडी फिल्म ‘कपकपी’ की शूटिंग के दौरान एक्टर श्रेयस तलपड़े ने इस सीरीज के लिए उनका ऑडिशन लिया था।

जय ठक्कर ने 2004 में एक बाल कलाकार के रूप में अपना करियर शुरू किया।

जय ने कहा, “पांच साल तक, मैंने टीवीएफ के लिए ऑडिशन दिया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। श्रेयस के साथ दिल्ली में ‘कपकपी’ की शूटिंग के दौरान, मेरे पास ‘गुल्लक सीजन 4’ के लिए ऑडिशन का मैसेज मिला। यह मेरे स्किल्स से काफी मिलता-जुलता था।”

उन्होंने कहा, ”रिकॉर्डिंग में मेरी मदद करने के लिए कोई नहीं था। ऐसे में मैंने श्रेयस से रिक्वेस्ट की और उन्होंने मेरी मदद की। ऑडिशन सबमिट करने के बाद, मुझे शॉर्टलिस्ट किया गया। मेरा रि-टेस्ट और लुक-टेस्ट हुआ। साथ ही मुझे कई मीटिंग के लिए भी बुलाया गया। इसके बाद डायरेक्टर श्रेयांश पांडे ने मुझे चुना और ज्यादा एक्टिंग टेक्निक के साथ अपनी परफॉर्मेंस को निखारने के लिए मुझे गाइड किया।”

अपने किरदार के बारे में बात करते हुए जय ने कहा, “मैं भोपाल के ‘जुगाड़ू’ का किरदार निभा रहा हूं जो स्कूल के समय से अमन (हर्ष मयार) का सबसे अच्छा दोस्त रहा है।”

उन्होंने आगे कहा, “दिलचस्प बात यह है कि पहले तीन सीजन में मेरा किरदार अमन के सबसे अच्छे दोस्त के रूप में मौजूद था, जो फोन कॉल पर यूनिक सॉल्यूशन देता था। सीजन 4 में, मेरा चेहरा आखिरकार सामने आया है।”

श्रेयांश पांडे द्वारा निर्मित सीरीज मिश्रा परिवार की कहानी है। इसमें माता-पिता संतोष और शांति, और उनके बेटे अन्नू और अमन हैं।

शो में जमील खान, गीतांजलि कुलकर्णी, वैभव राज गुप्ता और हर्ष मयार अहम किरदार में हैं।

‘गुल्लक 4’ सात जून को सोनी लिव पर आने वाला है।

–आईएएनएस

पीके/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More