बिहार के सारण में चुनावी रंजिश में चली गोली; 1 की मौत, 2 घायल

छपरा, 21 मई (आईएएनएस)। बिहार के सारण लोकसभा सीट पर सोमवार को हुए पांचवें चरण के मतदान के बाद मंगलवार को दो गुटों में हिंसक झड़प हुई। इस झड़प में एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। बताया जाता है कि सोमवार को सारण के कुछ मतदान केंद्रों पर हंगामा हुआ था और मारपीट की घटना हुई थी।

राजद की उम्मीदवार रोहिणी आचार्य के एक मतदान केंद्र के पास पहुंचने के बाद भाजपा के कार्यकर्ता भड़क गए। इसके बाद हालांकि पुलिस ने मामले को निपटा दिया था और शांतिपूर्ण चुनाव कराने का दावा किया।

इस मामले में मंगलवार को एक बार फिर विवाद बढ़ गया। छपरा के भिखारी ठाकुर चौक के पास गोलीबारी हुई जिसमें एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई और दो व्यक्ति घायल हो गए।

घायलों को पटना रेफर कर दिया गया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि राजद और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हुआ था। उसी विवाद में कुछ लोगों ने गोलीबारी की। तीन लोगो को गोली लगी है, जिसमें एक की मौत हो गई है। दो लोग अस्पताल में भर्ती हैं।

उन्होंने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर कैंप कर रही है। क्षेत्र में तनाव व्याप्त है।

–आईएएनएस

एमएनपी/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More