झांसी लोकसभा क्षेत्र के तीन बूथों पर हुआ शत प्रतिशत मतदान, बना रिकॉर्ड

लखनऊ, 20 मई (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में उत्तर प्रदेश की 14 सीटों पर मतदान संपन्न हो गया। इस चरण में इन सीटों पर कुल 57.98 प्रतिशत मतदान हुआ। इसी बीच झांसी लोकसभा के तीन बूथों पर शत प्रतिशत मतदान होकर एक रिकॉर्ड बना है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मिली जानकारी के मुताबिक, विधानसभा क्षेत्र महरौनी ललितपुर के ग्राम सौल्दा में बूथ नंबर 277 पर 198 पुरुषों, 177 महिलाओं, कुल 375 मतदाताओं ने मतदान किया है। यहीं के ग्राम बम्हौरा नांगल में बूथ नंबर 355 पर 235 पुरुषों, 206 महिलाओं यानी कुल 441 मतदाताओं ने मतदान किया है।

ग्राम बुदनी नाराहट में बूथ नंबर 195 पर 116 पुरुषों, 99 महिलाओं, कुल 215 मतदाताओं ने मतदान किया है। इस तरह तीन बूथों पर शत प्रतिशत मतदान का लक्ष्य को पूरा कर लिया गया है। झांसी में 6 बजे तक कुल 63.70 प्रतिशत मतदान हुआ है।

यूपी में पांचवें चरण की 14 लोकसभा सीटों के लिए मतदान की प्रक्रिया संपन्न हो गई है। मोहनलालगंज, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, जालौन, झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशांबी, बाराबंकी, फैजाबाद, कैसरगंज व गोंडा में वोट डाले गए हैं। ये 14 लोकसभा सीटें 21 जिलों में आती हैं। इस चरण में कुल 2,71,36,363 मतदाता हैं, जिनमें 1,44,05,097 पुरुष, 1,27,30,186 महिलाएं व 1,080 थर्ड जेंडर हैं।

–आईएएनएस

विकेटी/एकेएस/एसजीके

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More