लोकसभा चुनाव का पांचवा चरण : दोपहर 1 बजे तक 36.73 प्रतिशत मतदान

नई दिल्ली, 20 मई (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के तहत देश के 8 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 49 लोकसभा सीटों पर मतदान जारी है।

इन सभी सीटों पर दोपहर 1 बजे तक 36.73 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। दोपहर 1 बजे तक सबसे ज्यादा 52.02 प्रतिशत मतदान केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में दर्ज किया है। वहीं, सबसे कम वोटिंग महाराष्ट्र में दर्ज हुई है, जहां दोपहर 1 बजे तक सिर्फ 27.78 प्रतिशत मतदाताओं ने ही वोट किया है।

अन्य राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की बात करें तो, दोपहर 1 बजे तक पश्चिम बंगाल में 48.41, झारखंड में 41.89, उत्तर प्रदेश में 39.55, ओडिशा में 35.31, जम्मू-कश्मीर में 34.79 और बिहार में 34.62 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं।

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के तहत बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख सहित देश के 8 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 49 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। इसके साथ ही ओडिशा में विधानसभा चुनाव के तहत राज्य की 35 विधानसभा सीटों पर भी वोट डाले जा रहे हैं।

पांचवें चरण के तहत लोकसभा की जिन सीटों पर चुनाव हो रहा है, उन पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल एवं स्मृति ईरानी सहित कई अन्य महत्वपूर्ण एवं दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।

मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे समाप्त होगा। पांचवें चरण में 8.95 करोड़ से अधिक मतदाता हैं। इनमें 4.69 करोड़ पुरुष, 4.26 करोड़ महिला और 5,409 तृतीय लिंग (थर्ड जेंडर) मतदाता हैं। लगभग 9.47 लाख मतदान अधिकारी, 94,732 मतदान केंद्रों पर तैनात किए गए हैं।

–आईएएनएस

एसटीपी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More