नोएडा में एक्सीडेंट में छात्र की मौत के बाद बवाल, परिजनों ने किया जमकर हंगामा

नोएडा, 20 मई (आईएएनएस)। नोएडा के थाना एक्सप्रेस वे इलाके में एक कार और एक बाइक सवार के बीच टक्कर में एक छात्र की मौत हो गई। इसके बाद उसके साथी छात्रों और परिजनों ने उसके शव को सड़क पर रखकर जमकर हंगामा किया।

मौके पर पहुंची पुलिस को परिजनों ने शिकायत की है कि दबंगों ने अपनी कार से टक्कर मार कर काफी दूर तक घसीट कर छात्र की हत्या की है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और जांच की जा रही है।

पुलिस की शुरुआती जांच में इसे एक एक्सीडेंट ही बताया गया है।

पुलिस के मुताबिक, नोएडा के थाना एक्सप्रेस वे क्षेत्र में एक बाइक पर तीन युवक जा रहे थे, जिनकी एक कार से टक्कर हो गई। इस टक्कर में एक छात्र की मौत हो गई। घटना नोएडा के सेक्टर 167 गांव छपरौली के पास की बताई गई है।

छात्र की मौत की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों और अन्य छात्रों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर जमकर हंगामा करना शुरू कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि स्विफ्ट डिजायर कार चालक ने जानबूझकर बाइक सवार छात्रों को टक्कर मारी और उसके बाद उन्हें घसीटते हुए फरार हो गया।

पुलिस ने इस मामले में परिजनों से शिकायत प्राप्त कर ली है और सीसीटीवी फुटेज को चेक किया जा रहा है।

एडीसीपी मनीष मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक यह एक एक्सीडेंट ही लग रहा है, लेकिन परिजनों से शिकायत लेकर मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है। कार और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है।

–आईएएनएस

पीकेटी/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More