केदारनाथ धाम पहुंचे उत्तराखंड के डीजीपी अभिनव कुमार, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

केदारनाथ, 19 मई (आईएएनएस)। उत्तराखंड की चारधाम यात्रा को शुरू हुए नौ दिन हो गए हैं। इसी बीच श्रद्धालुओं को सुविधाएं देने के लिए सरकार और प्रशासन अलर्ट है।

रविवार को उत्तराखंड के डीजीपी अभिनव कुमार ने केदारनाथ धाम पहुंचकर तमाम व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर नियुक्त पुलिस बलों को श्रद्धालुओं के साथ सौम्य व्यवहार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने केदारनाथ मंदिर परिसर से 50 मीटर की दूरी पर वीडियोग्राफी और रील्स बनाने वालों पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को दिक्कत न हो। डीजीपी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है, ऐसे में इस बात का ध्यान रहे कि किसी भी जगह अनावश्यक भीड़ न हो। भीड़ प्रबंधन और लाइन व्यवस्था बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।

केदारनाथ धाम में नियुक्त पुलिस बल के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें ब्रीफ करने के साथ-साथ आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सभी सुरक्षाकर्मियों को पूरी निष्ठा के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए। डीजीपी ने कहा कि मंदिर व्यवस्था से जुड़ी सारी एजेंसियां तालमेल बनाकर काम कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ेगी, इसलिए हमारी कोशिश है कि पुलिस व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए ताकि तीर्थ यात्रियों को और बेहतर सुविधाएं मिले।

–आईएएनएस

स्मिता/पीएसके

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More