झारखंड के कांग्रेस विधायक इरफान ने हेमंत को बोला ‘राम’ तो छिड़ गया सियासी संग्राम

रांची, 18 मई (आईएएनएस)। झारखंड में अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले कांग्रेस के विधायक इरफान अंसारी के एक बयान पर सियासी हंगामा खड़ा हो गया है। इस बार उन्होंने जेल में बंद झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन को असली राम और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन को सीता भाभी और दुर्गा का अवतार बता दिया है। इस बयान पर भाजपा के नेताओं ने आपत्ति जताई है और उन्हें हिंदुओं के आराध्य देव के नाम पर ऐसी तुलना से बाज आने की हिदायत दी है।

इरफान अंसारी जामताड़ा के विधायक हैं। शुक्रवार को वह गांडेय विधानसभा उपचुनाव के लिए झामुमो की प्रत्याशी कल्पना सोरेन के पक्ष में प्रचार करने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने कल्पना सोरेन से मुलाकात की एक तस्वीर सोशल मीडिया एक्स पर शेयर करते हुए लिखा, “नकली राम भक्तों ने मेरे असली राम को जेल में बंद कर दिया। मेरी भाभी सीता मां दुर्गा की अवतार भाजपा को जलाकर भस्म कर देगी। साथ में मैं उनका हनुमान कदम से कदम मिलाकर रावण की लंका को जलाकर राख कर दूंगा। लोगों से अपील है कि सीता मां के एक-एक आंसू का बदला ले और राम जी को सही सलामत वापस लाने में मेरी मदद करें।”

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने आपत्ति जताते हुए एक्स पर लिखा, “इरफान अंसारी जी, भगवान राम आपको नकली नजर आते हैं और चोर-उचक्कों में राम नजर आते हैं! आपके पैसे के लालच में, आपके ही राजनीतिक सहयोगी के माध्यम से ‘भैया-भाभी’ ने दो कांग्रेस विधायकों के साथ आपको बंगाल में पकड़वाया। ‘दीदी’ के जरिये उल्टा लटकवा कर पिटवाया, जेल भिजवाया और राज्य में कांग्रेस की लुटिया डुबो कर नाक कटवा दी। तब इनके प्रति आपका जो नजरिया था, अब भी वही है या कुर्सी की लालच में बदल गया?”

मरांडी ने इसे मंत्री पद के लालच में दिया गया शर्मनाक बयान बताते हुए आगे लिखा, “शर्म करिए। आपने तो मंत्री पद के चक्कर और लालच में आत्मसम्मान को भी गिरवी रख दिया। अपनी लालसा पूरी करने के लिए झारखंड में धार्मिक उन्माद फैलाने के आपके नापाक मंसूबे कभी पूरे नहीं होंगे। कहीं ये दांव भी आपको उल्टा न पड़ जाए?”

वहीं भवनाथपुर के भाजपा विधायक भानु प्रताप शाही ने इरफान अंसारी के बयान पर तल्ख प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अंसारी को चेतावनी के अंदाज में जवाब देते हुए लिखा, “मियां, आप बताओगे असली कौन नकली कौन ? खबरदार अगर मेरे भगवान की किसी लुटेरे से तुलना की तो ठीक नहीं होगा मियां !”

दूसरी तरफ इरफान अंसारी ने भाजपा नेताओं की आपत्ति को खारिज किया है। उन्होंने कहा है कि उन्होंने कोई पाप नहीं किया है। उनके बयान का विरोध करने वाले आदिवासी विरोधी हैं।

–आईएएनएस

एसएनसी/एकेएस/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More