9वीं फेल छात्र यूट्यूब की मदद से बनाने लगा नकली नोट, पुलिस ने किया गिरफ्तार

मुंबई, 18 मई (आईएएनएस)। मुंबई पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। दरअसल, पुलिस ने एक शख्स और उसके साथी को नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया है।

नवी मुंबई गुन्हे शाखा के सहायक पुलिस आयुक्त अजय लांडगे ने बताया कि आरोपी 9वीं फेल है और वह यूट्यूब देख कर नकली नोट बनाना सीखा था। उन्होंने बताया कि आरोपी के पास से दो लाख रुपये से अधिक के नकली नोट बरामद किए गए हैं, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सहायक पुलिस आयुक्त अजय लांडगे ने बताया कि पुलिस को खबर मिली थी कि एक लड़का बाजार में नकली नोट चला रहा है। सूचना के बाद पुलिस ने युवक को पकड़कर उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि वह यूट्यूब पर वीडियो देखकर नकली नोट बनाना सीखा था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अब तक दो सौ, पांच सौ और एक सौ रुपये के नकली नोट बनाए थे और वह अब दस और बीस रुपये के नोट बनाने की तैयारी में था।

पुलिस ने आरोपी के साथ-साथ उसके एक साथी को भी गिरफ्तार किया है।

वहीं, इस मामले में शामिल एक आरोपी अभी फरार है। आरोपी बाजार में अब तक करीब एक लाख रुपये का नकली नोट चला चुका है। बाद में जब लोगों को शक हुआ तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी जिसके बाद ये कार्रवाई हुई।

–आईएएनएस

पीएसके/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More