कोडरमा: 1958 साइकिल चाहिए मतलब सरकार बाबू की दुकान इंग्लैण्ड निर्मित रेले व हर्कुलस की कीमत 150 से 180 रुपए!

कोडरमा: आजाद मुल्क और 1958 का दौर में लोगबाग आवागमन और माल ढुलाई के लिए साइकिल के ही सहारे थे। 1958 के दशक में इलाके में साइकिल के इकलौते विक्रेता थे। अड़ी बंगला रोड स्थित स्वर्गीय अमूल्य कुमार सरकार जिनकी दुकान सरकार एण्ड कंपनी के नाम से फेमस थी। आज भी उसी स्थान पर उनके पुत्र आलोक कुमार सरकार दुकान संचालित कर रहे हैं। उस दौर में इंग्लैण्ड निर्मित रेले और हर्कुलस ब्राण्ड की साईकिल बाजार में 150 से 180 रुपए की कीमत पर मिलती थी।
सरकार बाबू की दुकान जब इलाके में नहीं थी तो यहां के लोग गया शहर जाकर खरीद कर लाते थे। इसमें इकलौती स्टीम इंजन वाली चलने वाली आसनसोल बरेली ट्रेन से जाकर लाने में 2 दिन का समय लगता था। गया में सरकार बाबू के चाचा स्वर्गीय हीरालाल सरकार की दुकान एच सरकार एण्ड कंपनी के नाम से थी। स्वर्गीय अमूल्य कुमार सरकार चाचा के साथ व्यापार करते थे। लोगों के आग्रह पर उन्होंने यहां व्यापार शुरु किया। वो ऐसा जमाना था जब शादियों में दहेज स्वरुप साइकिल की डिमांड होती थी।
उनके पुत्र आलोक कुमार सरकार ने बताया की चाचा संग काम शुरु करने के पहले से उनके पिता कोलकाता में इस लाइन से जुड़े थे तब साइकिल की कीमत 60 रुपए थी। उन्होंने बताया की लोग साइकिल से डोमचांच से हजारीबाग कोर्ट के काम से आते जाते थे। 1970 के दशक में साइकिल की कीमत 250 से 290 रुपए पहुंची। आलोक कुमार सरकार के मुताबिक़ 1958 के दौर में इंग्लैण्ड से शिप के द्वारा रेले और हर्कुलस ब्राण्ड की साइकिल एक बक्से में 12 पीस के अनुपात में कोलकाता आती थी उसके बाद वहां से यहां आती थी।
बाद में कई अड़चनों की वजह से आसनसोल में सेन रेले के नाम से बनकर साइकिल आने लगी। उन्होंने बताया की बाद में एटलस हीरो और एवन ब्राण्ड की साइकिल बाजार में आयी। 2001 में अमूल्य कुमार सरकार का निधन हुया उस समय तक उनका जुड़ाव इस व्यापार से बना रहा। सामाजिक सरोकार से जुडे रहने के कारण लोग आज भी उन्हें याद करते हैं। उनकी विरासत को सम्भाल रहे उनके पुत्र आलोक कुमार सरकार कहते हैं आज के दौर में भी साइकिल का स्वस्थ जीवन के लिए साथ ही अन्य जरूरतों की खातिर उपयोगिता को नकारा नहीं जा सकता है। आज भी इस मायने में सरकार बाबू की दुकान एक ब्राण्ड है।
