चाईबासा में गीता की पलटी से खिला कमल या फिर अपने किले को बचा ले गया झामुमो

 

रांची : 13 मई को मतदान के साथ ही जीत और हार मतपेटियों में कैद हो चुकी है. अब चार जून का इंतजार है, जब इन मतपेटियों से जनादेश सामने आयेगा और किसके हिस्से हार और किसके हिस्से जीत मिली, सब कुछ सामने होगा. लेकिन सियासी जानकारों के बीच इस मतदान को समझने की कोशिश जारी है, सबके अपने- अपने दावे और उन दावों के पीछे अपना- अपना तर्क हैं. किसी को हो जनजाति बहुल इस लोकसभा में झामुमो के द्वारा एक संताल चेहरे पर दांव में कमल खिलता नजर आ रहा है, कई जानकार ईचा डैम विवाद में झामुमो की राह थोड़ी मुश्किल होती नजर आ रही है, वहीं दूसरी ओर कई जानकार इस बात का दावा ठोक रहे हैं कि जिस संताल हो विवाद में कमल खिलने के दावे किये जा रहे हैं, दरअसल वह आदिवासी समाज की सामाजिक संरचना को समझने असफल हैं, आदिवासी सिर्फ आदिवासी होता है, उसके अंदर हो संताल और मुंडा की सियासत नहीं होती, और यदि ऐसा होता तो जिस हो बहुल मनोहरपुर से जोबा मांझी जीत दर जीत हासिल करती रही हैं, वह संभव नहीं होता. 

हो भाषा को संविधान की आठवीं अनुसुची में शामिल करने का मुद्दा

यहां ध्य़ान रहे कि हो जनजाति के बीच हो भाषा को संविधान की आठवीं अनुसुची में शामिल करने का मुद्दा भी गर्माता रहा है. ईचा डैम निर्माण के कारण करीबन 87 आदिवासी बहुल गांवों का डुब क्षेत्र में जाने का मुद्दा भी सुर्खियों में आता दिखा, यहां यह भी बता दें कि ईचा डैम के विरोध के कारण ही 2019 के लोकसभा चुनाव में पूरे कोल्हान से भाजपा का सफाया हुआ था, आज इस लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले किसी भी विधान सभा में भाजपा का प्रतिनिधित्व नहीं है और यही भाजपा की सबसे कमजोर कड़ी है. कुछ जानकारों का दावा है कि पिछले चुनाव में झामुमो ने ईचा डैम निरस्त करने का आश्वासन दिया था, जिसके बाद आदिवासी समाज झामुमो के साथ खड़ा हुआ था, लेकिन इन पांच वर्षों में झामुमो डैम निर्माण पर अंतिम रुप से रोक लगाने में सफल नहीं हुई और उसे इसका नुकसान झेलना पड़ सकता है. लेकिन इसके साथ ही यह सवाल भी खड़ा होता है कि आखिर इस नाराजगी के बावजूद भी डैम क्षेत्र में आने वाले आदिवासी समाज के सामने विकल्प क्या है? यह तो केन्द्र सरकार की योजना है, और अब तक भाजपा इस पर रोक लगाने का आश्वासन भी नहीं दे सकी, दूसरी ओर झामुमो इस बात का आश्वासन जरुर देती रही है कि जब गठबंधन की सरकार केन्द्र की सत्ता पर काबीज होगी तो इस पर फैसला लिया जायेगा, रही बात हो भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने का, तो यहां भी फैसला केन्द्र सरकार को लेना था, जो अभी तक नहीं हुआ.

तो फिर किन मुद्दों पर हुआ मतदान

इस हालत में सवाल खड़ा होता है कि चाईवासा में इस बार मुद्दा क्या था? जिसके आधार पर लोगों ने अपना मन बनाया और जनादेश मटपेटियों में कैद है? क्या वाकई हो संताल विवाद ही जमीन पर चलता रहा और पूरे हो समाज ने एक मुस्त होकर भाजपा का साथ दिया, हो जनजाति से आने वाले गीता कोड़ा में उसे अपना चेहरा नजर आया, या फिर जिन मुद्दों और नारे के सहारे झामुमो ने मोर्चा संभाला था, जमीन पर उसका जोर चला. स्थानीय जानकारों की मानें तो यह दोनों ही मुद्दों को अलग अलग इलाके में जोर देखने को मिला. जहां शहरी मतदाताओं के बीच भाजपा का जोर दिखा वहीं दूरस्थ इलाकों में झामुमो की पकड़ दिखी, लेकिन जिस हो संताल विवाद में भाजपा को अपनी जीत की संभावना दिखती नजर आती है, उसका कोई व्यापक जोर नहीं दिखा, हालांकि मधु कोड़ा का अपना प्रभाव जरुर देखने को मिला. लेकिन कुल मिलाकर यह कांटे का मुकाबला है, जहां बाजी किसी के हाथ भी जा सकती है. क्योंकि इस हो संताल विवाद से अलग आदिवासी समाज में एक अस्मिता का सवाल भी खड़ा होता दिखा है, और पूर्व सीएम हेमंत की गिरफ्तारी भी एक बड़ा सियासी मुद्दा है. जिसका असर इस चुनावी परिणाम में देखने को मिल सकता है

लेखक के बारे में

By Anu Singh

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More