पत्रकारों के दोस्त थे सुशील मोदी

अरविंद शर्मा
सुशील मोदी नहीं रहे। राजनीति करने वाले कुछ लोग उनके प्रति दुराग्रह से भरे हो सकते हैं, लेकिन मीडिया वाले हमेशा उन्हें अच्छे दोस्त के रूप में याद करेंगे। बिहार का शायद ही कोई ऐसा पत्रकार होगा, जो सुशील मोदी को पसंद नहीं करता होगा। पटना दैनिक जागरण में रहते हुए मैंने कई रिपोर्ट ऐसी लिखी जो उनके खिलाफ गई।
जब पहली बार एक ऐसी ही रिपोर्ट लिखी और अगली सुबह ही उनका फोन आया तो संकोच के साथ रिसीव किया कि पता न क्या बोलेंगे, किंतु आश्चर्य हुआ कि उन्होंने मेरी लेखन शैली की तारीफ की। यह भी सुझाया कि रिपोर्ट में दो-तीन तथ्य और डाल देते तो अच्छा हो जाता। उन्होंने प्वाइंट भी बताए। मैं सोच में पड़ गया यह कैसा नेता है जो अपने ही विरुद्ध रिपोर्ट को समृद्ध करने का उपाय बता रहा है।
खैर, दो-तीन मुलाकात के बाद धीरे-धीरे मैं उनके करीब आता गया। फिर महसूस किया कि मीडिया के साथ मधुर संबंध बनाने का सुशील मोदी का यह अपना तरीका हो सकता है। कारण कि उसके बाद उनके विरुद्ध मैं कोई भी रिपोर्ट लिखने से पहले उनका पक्ष लेना नहीं भूलता था। मकर संक्रांति पर मीडिया वालों को प्रत्येक वर्ष जिस आतिथ्य भाव से सुशील मोदी याद करते थे, उसका दूसरा उदाहरण नहीं।
अक्टूबर 2022 में जब मेरा पटना से दिल्ली ट्रांसफर हुआ तो मैंने उन्हें नहीं बताया था, लेकिन सुशील मोदी से कोई सूचना कैसे छिपी रह सकती थी। हफ्ते भर के भीतर उनका फोन आया। शिकायत थी कि दिल्ली चले गए और बताए भी नहीं।
दिल में एक कसक रह गया। पिछले आठ वर्षों से सोच रहा था कि किसी दिन इत्मीनान से बैठूंगा और उनसे दिल की बात साझा करूंगा। दरअसल, मेरे ऊपर उनका एक बड़ा अहसान भी है। वर्ष 1995 की बात है। तब मैं पटना के सैदपुर छात्रावास में रहता था। छात्र राजनीति में अति-सक्रिय होता जा रहा था। एक बड़े झंझट में पड़ चुका था। उस वक्त सुशील मोदी पटना से विधायक थे। जब उन्हें पता चला तो मुझे अपने आवास पर बुलाया और हालात के बारे में बेटे की तरह आगे-पीछे समझाया। मेरी आंखें खोलीं। उनकी नसीहत के बाद मैं उस झंझट से उबरने में किसी तरह कामयाब हो पाया। बात आई-गई हो गई।
दो दशक बाद जब मैं अपने प्रोफेशन में भोपाल, जालंधर, रांची, लखनऊ, दिल्ली और मेरठ होते हुए 2015 में पटना दैनिक जागरण की सेवा में आया तो कई बार सोचकर और चाहकर भी उनके उस उपकार की चर्चा नहीं कर पाया। उनके अहसान की याद नहीं दिला पाया। हर बार टालता रहा। कभी सोचा ही नहीं कि सुशील मोदी जाने में इतनी जल्दी करेंगे। श्रद्धांजलि महात्मा।
लेखक दैनिक जागरण में वरिष्ठ पत्रकार हैं।
