चौथे चरण की मतदान की तैयारी पूरी, 64,58,036 मतदाता करेंगे मतदान

रांची: चौथे चरण के चुनाव के तहत सोमवार 13 मई को पलामू, लोहरदगा, खूंटी और सिंहभूम लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में मतदान होगा। मतदान की तैयारी पूरी हो चुकी है। पोलिंग पार्टी और सुरक्षा बल मतदान केंद्रों के लिए रवाना किये जा चुके हैं। उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. नेहा अरोड़ा ने बताया कि पोलिंग पार्टी और सुरक्षाबलों की रवानगी की जीपीएस और ऐप के माध्यम से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। मतदान कर्मियों को कई स्थानों पर हेलीकॉप्टर से पहुँचाया गया है।
डॉ. नेहा अरोड़ा ने बताया कि सभी बूथ मॉडल मतदान केंद्र हैं। उनमें से 23 बूथ यूनिक हैं। इन बूथों को संबंधित जिला ने वहां की खासियत के अनुसार डेवलप किया है। वहीं 519 बूथों की पूरी कमान महिलाओं के हाथों रहेगी। जबकि, 14 बूथों को दिव्यांगजन और 7 बूथों की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर होगी। उन्होंने बताया कि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए एयर एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गयी है। उसे जमशेदपुर एयरपोर्ट पर तैयार रखा गया है। उन्होंने बताया कि आचार संहिता लागू होने के बाद से अब तक राज्य में 115 करोड़, 74 लाख 78 हजार से अधिक की अवैध सामग्री और नकदी जब्त की गयी है।
