काराकाट से एनडीए प्रत्याशी उपेंद्र कुशवाहा ने दाखिल किया नामांकन

काराकाट, 10 मई (आईएएनएस)। काराकाट लोकसभा क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी उपेंद्र कुशवाहा ने शुक्रवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया। इस दौरान, उनके कई समर्थक मौजूद रहे।

उपेंद्र कुशवाहा ने नामांकन दाखिल करने से पहले सासाराम में मां तारा चंडी धाम, पायलट धाम में पूजा अर्चना की और करगहर मोड़ सासाराम मजार पर चादर चढ़ाई। उसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट ऑफिस पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

नामांकन दाखिल करने के बाद उन्होंने मीडिया से कहा कि उन्हें यहां की जनता का समर्थन जिस तेजी से मिल रहा है उससे स्पष्ट है कि वो इस बार जीत का परचम लहराने जा रहे हैं।

उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत पर चल रहे हैं और हम भी उनके इसी सिद्धांत को आगे बढ़ा रहे हैं। नामांकन दाखिल करते समय सभी कार्यकर्ता उनके साथ रहे। इस दौरान, सभी लोग उनकी हौसला अफजाई करते दिखे।“

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में एकतरफा लड़ाई है। काराकाट लोकसभा क्षेत्र में एनडीए प्रत्याशी उपेंद्र कुशवाहा की जीत सुनिश्चित है। उनका मुकाबला इंडिया महागठबंधन के राजाराम सिंह कुशवाहा से है। हालांकि भोजपुरी स्टार पवन सिंह ने यहां से पर्चा भर कर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।

बता दें कि उपेंद्र कुशवाहा साल 2014 में इस सीट से चुनाव जीत चुके हैं। हालांकि साल 2019 में महागठबंधन उम्मीदवार के तौर पर काराकाट सीट से वे हार गए थे। यहां इस बार एक जून को मतदान होना है।

–आईएएनएस

एसएचके/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More