राजस्थान के खिलाफ दिल्ली को अपनी दमदार बल्लेबाजी लाइनअप की तलाश

 

नई दिल्ली, 6 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2024 में यह वह समय है जब मैच का हर परिणाम यह तय करता है कि किसकी प्लेऑफ की संभावना बढ़ेगी और किसे बाहर रहना होगा।

दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह सीजन अब तक उतार-चढ़ाव से भरपूर रहा, अब टूर्नामेंट के अंतिम पड़ाव में उसके लिए समीकरण बहुत सरल है। उसे मंगलवार को अरुण जेटली स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले समेत शेष तीन मैचों में जीत हासिल करनी होगी जिससे उसके प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना बढ़ जाएगी।

शेष तीन मैच जीतने पर ऋषभ पंत की अगुवाई वाली टीम 16 अंक तक पहुंच जाएगी लेकिन फिर उसे अन्य टीमों के समीकरण का भी इंतजार करना होगा।

आरआर और कोलकाता नाइट राइडर्स के 16-16 अंक हैं, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपरजाइंट्स के 12-12 अंक हैं और वे आसानी से अंक तालिका में 16 अंकों का आंकड़ा पार कर सकते हैं।

इस तरह प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए डीसी के लिए बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों पर जिम्मेदारी अधिक होगी।

दिल्ली का मैदान छोटा है और सपाट पिच पर बल्लेबाजों का दबदबा रहता है। यहां पहली पारी का औसत स्कोर 249 रन है, जबकि दूसरी पारी का औसत स्कोर 222 रन है।

इस स्थान पर सभी तीन जीत जिनमें से दो डीसी की झोली में गिरीं, पहले बल्लेबाजी के माध्यम से आई हैं।

ऐसे में ट्रेंट बोल्ट, संदीप शर्मा, आवेश खान, रविचंद्रन अश्विन और युजवेंद्र चहल सहित इन-फॉर्म आरआर गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ डीसी को अपनी पूरी बल्लेबाजी को मजबूत लाइनअप में तब्दील करना होगा।

जेक फ्रेजर-मैकगर्क ने अपनी बल्लेबाजी से दिल्ली को मजबूत शुरुआत दी है। विशेष रूप से डेविड वार्नर की कमी में शीर्ष क्रम में उन्होंने अपने तूफानी अंदाज से सबको आकर्षित किया है।

वहीं धीमी शुरुआत करने और कुछ खराब शॉट खेलने के बावजूद, पंत अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में सक्षम हैं और डेथ ओवरों में अपने बड़े हिट से गेंदबाजों को भी परेशान कर सकते हैं। ट्रिस्टन स्टब्स अपने शानदार पावर-हिटिंग कौशल के साथ डीसी की पारी को अंतिम रूप देने में महत्वपूर्ण रहे हैं।

अगर डीसी को आरआर को चुनौती देनी है तो पृथ्वी शॉ, अभिषेक पोरेल और अक्षर पटेल को भी अपना दमखम दिखाना होगा। जबकि तेज गेंदबाजी विभाग में दिल्ली की टीम अब भी थोड़ी कमजोर नजर आ रही है।

पिछली बार जब यह दोनों टीमें आईपीएल 2024 में भिड़ी थी, तो आरआर ने जयपुर में डीसी को 12 रन से हराया था, जिसमें रियान ने 45 गेंदों में नाबाद 84 रन बनाए थे।

–आईएएनएस

एएमजे/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More