बम की धमकी : कर्नाटक पुलिस ने मंगलुरु हवाईअड्डे को मिले ईमेल की जांच शुरू की

बेंगलुरु, 4 मई (आईएएनएस)। कर्नाटक पुलिस ने कुछ दिनों पहले मंगलुरु अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर मिली बम की धमकी के संबंध में जांच शुरू कर दी है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। देश के 30 से अधिक हवाईअड्डों पर इसी तरह की धमकियां मिलीं।

एक अधिकारी के मुताबिक, मामले को लेकर मंगलुरु पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है।

यह घटनाक्रम धमकी भरे मेल के बारे में मंगलुरु अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे के मुख्य सुरक्षा अधिकारी मोनेश के.जी. की शिकायत पर शुरू की गई जांच के बाद हुआ है।

पुलिस ने बताया कि 29 अप्रैल को सुबह 9.37 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने मंगलुरु हवाईअड्डे के आधिकारिक ईमेल पते पर धमकी भरा संदेश भेजा।

ईमेल भेजने वाले ने दावा किया कि हवाईअड्डे के परिसर और विमान में रखे गए विस्फोटकों को उड़ा दिया जाएगा, जिससे जानमाल का नुकसान होगा।

बाद की जांच से पता चला कि संदिग्ध ने देश के 30 से ज्‍यादा हवाईअड्डों पर इसी तरह के धमकी भरे ईमेल भेजे थे।

सूत्रों के मुताबिक, ईमेल केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) समेत हवाईअड्डों और सुरक्षा एजेंसियों की 90 से ज्‍यादा ईमेल आईडी पर भेजा गया था।

पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

–आईएएनएस

एसजीके/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More