महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में डेढ़ लाख का इनामी माओवादी गिरफ्तार

गढ़चिरौली (महाराष्ट्र), 3 मई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र पुलिस ने हत्या जैसे जघन्य मामलों में वांछित डेढ़ लाख रुपये के एक इनामी कुख्यात माओवादी को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

जन मिलिशिया के गिरफ्तार सदस्य की पहचान शंकर वंगा कुडयम (34) के रूप में हुई है। वह छत्तीसगढ़ के बीजापुर का रहने वाला है। उसे तेलंगाना पुलिस के साथ एक संयुक्त अभियान में गिरफ्तार किया गया।

गढ़चिरौली के पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल ने बताया कि माओवाद प्रभावित जिले के रेवनपल्ली क्षेत्र में मोडूमाडगू के जंगलों में 19 मार्च को हुई भयानक गोलीबारी के सिलसिले में दर्ज मामले में कुडयम की तलाश थी।

जांच में पता चला कि कुडयम महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में तीन आम लोगों की हत्या में भी शामिल था। इनके अलावा वह छत्तीसगढ़ में तीन और महाराष्ट्र में एक पुलिस मुठभेड़ में भी शामिल था।

उस पर इलाके में सक्रिय माओवादी समूहों को आश्रय, हथियार एवं गोला-बारूद, रसद तथा अन्य सहायता उपलब्ध कराने और गांव के लोगों को माओवादियों की बैठकों में शामिल होने के लिए मजबूर करने के भी आरोप हैं।

गढ़चिरौली पुलिस ने जनवरी 2022 से अबतक महिलाओं समेत 79 माओवादियों को गिरफ्तार किया है।

–आईएएनएस

एकेजे/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More