बृज भूषण सिंह के बेटे को टिकट मिलने पर बजरंग पुनिया ने भाजपा को घेरा, बोले- ‘ये कौन सा वाद?’ (आईएएनएस एक्सक्लूसिव)

नई दिल्ली, 2 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के कैसरगंज लोकसभा सीट से भाजपा ने बृज भूषण सिंह के छोटे बेटे करण भूषण सिंह को टिकट दिया है। जिसके बाद ओलंपिक कांस्य पदक विजेता बजरंग पुनिया की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है।

आईएएनएस से खास बातचीत करते हुए बजरंग पुनिया ने कहा, “ये देश की बेटियों, बहनों, महिलाओं और खिलाड़ियों के लिए बड़े दुख की बात है। पहले सरकार ने खिलाड़ियों से वादा करके फेडरेशन में उसका डमी आदमी बैठा दिया। अब भाजपा उनके बेटे को टिकट देकर यह दिखाने की कोशिश कर रही है कि हमने तो उनको टिकट नहीं दिया, लेकिन, सब जानते हैं कि कुश्ती फेडरेशन से लेकर राजनीति में उसका ही दबदबा है। सरकार ने खिलाड़ियों के साथ विश्वासघात किया।”

बजरंग पुनिया ने महिलाओं के मुद्दे पर मोदी सरकार को घेरते हुए कहा कि मोदी सरकार महिला सशक्तीकरण और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा देती है। अब, सरकार से पूछा जाना चाहिए कि बेटी भाजपा से बचानी है या किसी और से बचानी है?

बजरंग पुनिया ने आगे कहा कि बृज भूषण सिंह ने सरकार के ऊपर हाथ रखकर दिखा दिया कि उसका दबदबा है। भाजपा के कई लोगों के वीडियो वायरल हो रहे हैं, लेकिन, पार्टी उन्हें सपोर्ट कर रही है। सरकार ने बृज भूषण सिंह को हर तरीके से बचाने की कोशिश की है। सरकार का काम होता है, न्याय दिलाना। लेकिन, इस सरकार ने सजा दिलाने की बजाय उसे बड़ा बनाने का काम किया। खिलाड़ी बहनों और बेटियों के लिए ये बुरा दौर है।

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के लोग दूसरे दलों में परिवारवाद की बात करते हैं। बहन-बेटियों की इज्जत के साथ खिलवाड़ करने वाले के बेटे को टिकट दिया जाना, कौन सा वाद है?

–आईएएनएस

एकेएस/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More