दिल्ली के स्कूलों में बम की धमकी और वोट जिहाद पर सेक्युलर ब्रिग्रेड की चुप्पी खतरनाक : विहिप

नई दिल्ली, 2 मई (आईएएनएस)। विश्व हिंदू परिषद ने दिल्ली के स्कूलों को मिली बम की धमकी और वोट जिहाद के नाम पर वोट मांगने पर मुस्लिम संस्थाओं और सेक्युलर ब्रिग्रेड की चुप्पी को देश के लिए खतरनाक बताते हुए उनके रवैए की जमकर आलोचना की है।

विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं अखिल भारतीय प्रचार प्रसार प्रमुख विजय शंकर तिवारी ने कहा कि इस्लामिक नारों के साथ जिहादियों द्वारा देश की राजधानी के शिक्षकों, बच्चों और अभिभावकों को आतंकित करने हेतु बम विस्फोट की धमकी वाला 178 स्कूलों को मेल किया गया था, जिसने पूरे दिन न सिर्फ राजधानी दिल्ली को बल्कि पूरे देश को स्तब्ध कर दिया। हजारों बच्चे और उनके अभिभावक, विद्यालयों के अध्यापक, कर्मचारी तथा पुलिस प्रशासन और शासन भी पूरे दिन एक गंभीर ट्रॉमा का शिकार हुए।

विहिप नेता ने वोट जिहाद के नाम पर वोट मांगने को लोकतंत्र के लिए खतरे का संकेत बताते हुए आगे यह भी कहा कि बात सिर्फ़ कांग्रेस-सपा द्वारा संयुक्त रूप से वोट जिहाद की बात करने की ही नहीं है, बल्कि कांग्रेस के कद्दावर नेता व पूर्व केंद्रीय कानून मंत्री के साथ उनके अनेक साथी वरिष्ठ वकीलों द्वारा आतंकवादियों व देशद्रोहियों के केस कोर्ट में लड़ने वालों की भी एक लंबी श्रृंखला है। वोट जिहाद का नारा भी एक सभ्य समाज के लिए और लोकतंत्र के लिए एक बड़े खतरे का संकेत देता है।

उन्होंने कहा कि गंभीर बात यह भी है कि इन दोनों घटनाओं के ऊपर किसी भी मुस्लिम संस्था या सेक्युलर ब्रिगेड के किसी नेता द्वारा निंदा के दो शब्द तक नहीं निकले हैं जो कि एक सभ्य समाज के लिए बहुत ही खतरनाक बात है।

तिवारी ने कहा कि विहिप सभी प्रकार की हिंसा व आतंक फैलाने से जुड़ी जिहादी घटनाओं की घोर निंदा करते हुए भारतीय समाज से आह्वान करती है कि वह ऐसे देशद्रोही व जिहादियों के झांसे में ना आए और ना ही उनके किसी प्रकार के दबाव को स्वीकार करें। देश का चुनाव आयोग लोकतंत्र के इस महापर्व के सफल आयोजन के लिए जुटा हुआ है, हिंदू समाज को भी इन लोगों के घृणित षड्यंत्रों को बेनकाब करते हुए हिंदू हित में शत प्रतिशत मतदान करना चाहिए।

–आईएएनएस

एसटीपी/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More