जेपी नड्डा ने विदेशी नेताओं को लोकसभा चुनाव की प्रक्रिया और भाजपा की चुनावी रणनीति से कराया अवगत

नई दिल्ली, 1 मई (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को पार्टी के निमंत्रण पर भारत यात्रा पर आए दुनिया के 10 देशों के 18 राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ अहम बैठक की।

पार्टी मुख्यालय में हुई इस बैठक में भाजपा की तरफ से विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और पार्टी के विदेश विभाग के प्रभारी डॉ. विजय चौथाईवाले सहित कई अन्य नेता शामिल हुए।

बताया जा रहा है कि बैठक के दौरान भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने विदेशी नेताओं के प्रतिनिधिमंडल को विस्तार से भारत में हो रहे लोकसभा चुनाव की प्रक्रिया की जानकारी दी और यह भी बताया कि पार्टी किस तरह से भाजपा सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जा रही है। उन्होंने विदेशी नेताओं को भाजपा के चुनावी अभियान के बारे में भी बताया।

बताया जा रहा है कि बैठक में एक वीडियो प्रजेंटेशन के जरिए विदेशी मेहमानों को भाजपा के इतिहास, संघर्ष, लक्ष्य और उपलब्धियों के साथ ही पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान की भी जानकारी दी गई।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, विदेशी नेताओं का यह प्रतिनिधिमंडल तीन समूहों में बंटकर भाजपा के चुनाव अभियान का प्रत्यक्ष अनुभव हासिल करने के लिए गुजरात, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ का भी दौरा कर सकता है।

विदेशी नेताओं का यह भारत दौरा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा पार्टी के 43वें स्थापना दिवस पर शुरू की गई ‘भाजपा को जानें’ अभियान का एक हिस्सा है।

भाजपा के निमंत्रण पर इस बार भारत दौरे पर आने वाले नेताओं के प्रतिनिधिमंडल में ऑस्ट्रेलिया से लिबरल पार्टी, वियतनाम की कम्युनिस्ट पार्टी, बांग्लादेश से बांग्लादेश अवामी लीग, इजरायल से लिकुड पार्टी, युगांडा से नेशनल रेिजस्‍टेंस मूवमेंट, तंजानिया से चामा चा मापिंदुज़ी, रूस से यूनाइटेड रशिया पार्टी, श्रीलंका से श्रीलंका पोदुजाना पेरामुना एवं यूनाइटेड नेशनल पार्टी, नेपाल से नेपाली कांग्रेस, जनमत पार्टी, नेपाल की कम्युनिस्ट पार्टी (एकीकृत मार्क्सवादी-लेनिनवादी), नेपाल की कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) एवं राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अलावा मॉरीशस से मिलिटेंट सोशलिस्ट मूवमेंट, मॉरीशस लेबर पार्टी, मॉरिशियन मिलिटेंट मूवमेंट और मॉरिशियन सोशल डेमोक्रेट सहित दुनिया के 10 देशों के 18 राजनीतिक दलों के नेता शामिल हैं।

–आईएएनएस

एसटीपी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More