आईपीएल के बीच धोनी के शहर रांची पहुंचे सचिन तेंदुलकर

रांची, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत में आईपीएल 2024 की धूम मची हुई है। इस बीच क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर और उनकी पत्नी अंजलि तेंदुलकर शनिवार सुबह रांची पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत हुआ।

बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची पर मौजूद फैंस क्रिकेट के भगवान की एक झलक पाने को बेताब दिखे। सचिन यहां ओरमांझी में युवा फाउंडेशन की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम के लिए आए हैं।

सचिन ने कहा, “मैं यहां अपने फाउंडेशन के लिए आया हूं। सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन यहां के यूथ फाउंडेशन के साथ मिलकर काम करता है। खासकर मैं यहां की महिला खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने आया हूं। इसलिए मैं युवा लड़कियों को देखने आया हूं जो फुटबॉल खेलती हैं और उन्हें प्रोत्साहित करूंगा। इस समय इसके अलावा यहां आने की कोई और वजह नहीं है।”

बता दें कि सचिन तेंदुलकर के रांची पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में फैंस का उनके प्रति उत्साह साफ नजर आ रहा है। वहीं एयरपोर्ट पर रांची डीसी राहुल कुमार सिन्हा उनके स्वागत के लिए पहुंचे और कड़ी सुरक्षा के साथ सचिन को उनके होटल ले जाया गया।

–आईएएनएस

एएमजे/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More