अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के पहले दिन मतदाता पंजीकरण पर हुआ व्यापक मंथन

रांची: मतदाता पंजीकरण एवं मतदाता सूची को अधिक समावेशी, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के पहले दिन पैनल डिस्कशन के साथ छह तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। उद्घाटन सत्र के बाद ‘Voter Registration and Voter Register’ विषय पर पैनल चर्चा हुई। इसकी अध्यक्षता बिहार के पूर्व पुलिस महानिदेशक डीएन गौतम ने की, जबकि प्रो. संदीप शास्त्री सह-अध्यक्ष रहे।
पैनल चर्चा में मतदाता जागरूकता, निर्वाचन समावेशन, मतदान की सुगमता, EPIC एवं मतदाता सूची में एकरूपता, महिलाओं की निर्वाचन सहभागिता, आंतरिक प्रवासन और सार्वजनिक जवाबदेही जैसे विषयों पर चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने विभिन्न देशों में अपनाई जा रही मतदाता पंजीकरण प्रणालियों और वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं पर भी विचार साझा किए।
छह तकनीकी सत्रों में विभिन्न पहलुओं पर चर्चा
पहले तकनीकी सत्र का विषय ‘Voter Registration and Voter Register—Strengthening Democracy’ रहा। इसकी अध्यक्षता प्रो. सुधीर कुमार सिंह ने की और डॉ. प्रतिमा सारंगी सह-अध्यक्ष रहीं। इसमें नागरिकता, मतदाता पंजीकरण, राजनीतिक दलों की भूमिका और लोकतंत्र को मजबूत करने से जुड़े शोध-पत्र प्रस्तुत किए गए।
दूसरे तकनीकी सत्र में ‘Voter Registration: Cross Country Experience Across Globe’ विषय पर विभिन्न देशों की निर्वाचन प्रणालियों का तुलनात्मक अध्ययन किया गया। डॉ. महेश देबता की अध्यक्षता और डॉ. बीबी बिस्वास की सह-अध्यक्षता में हुए इस सत्र में एस्टोनिया, ब्राजील, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, डेनमार्क, घाना और दक्षिण अफ्रीका सहित कई देशों के अनुभवों पर चर्चा हुई।
तीसरे तकनीकी सत्र का विषय ‘Voter Registration: Theoretical Paradigm’ था। श्री चैतन्य प्रसाद की अध्यक्षता और प्रो. दिवांशु श्रीवास्तव की सह-अध्यक्षता में आयोजित सत्र में निर्वाचन समावेशन, लोकतांत्रिक सुदृढ़ीकरण और मतदाता सूची प्रबंधन के सैद्धांतिक पक्षों पर विचार किया गया।
चौथे सत्र में ‘Voter Registration and Voter Register—Social Media and Imperative of Awareness’ विषय पर चर्चा हुई। श्री शिव प्रसाद शर्मा की अध्यक्षता और प्रो. संजय कुमार की सह-अध्यक्षता में हुए सत्र में सोशल मीडिया के माध्यम से मतदाता जागरूकता, बहुभाषी निर्वाचन साक्षरता और मतदाता पंजीकरण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के संभावित उपयोग पर शोध प्रस्तुत किए गए।
पांचवें तकनीकी सत्र में ‘Voter Registration: Cross Country Experience Across Globe’ विषय पर भारत सहित विभिन्न लोकतांत्रिक देशों की मतदाता पंजीकरण व्यवस्था का तुलनात्मक अध्ययन किया गया। डॉ. आनंदकुमार आर. शिंदे की अध्यक्षता और डॉ. अरुण राय की सह-अध्यक्षता में हुए इस सत्र में ऑनलाइन पंजीकरण और आधुनिक तकनीक के उपयोग पर भी चर्चा हुई।
छठे तकनीकी सत्र का विषय ‘Voter Registration and Voter Register: Gender and Migrant Issues’ रहा। डॉ. चार्वाक पति की अध्यक्षता और डॉ. हनी राज की सह-अध्यक्षता में आयोजित इस सत्र में ग्रामीण एवं वंचित समुदायों, प्रवासी आबादी और श्रमिकों के साथ जनजातीय एवं सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के मतदाता पंजीकरण से जुड़ी चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया गया।
तीन कक्षों में हुए समानांतर सत्र
समानांतर तकनीकी सत्रों के आयोजन के लिए NUSRL के तीन कक्षों और लेक्चर थिएटरों को विशेष रूप से तैयार किया गया था। नॉलेज पार्टनर संस्थानों के प्रोफेसर, शोधकर्ता, विद्यार्थी और छात्र स्वयंसेवकों ने सम्मेलन में सक्रिय सहभागिता की। विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों ने अकादमिक सत्रों में भाग लेने के साथ सम्मेलन के सुचारु संचालन में भी सहयोग किया।
देशभर से विषय विशेषज्ञों की रही सहभागिता
सम्मेलन की मुख्य थीम ‘Voter Registration and Voter Registers’ पर प्रतिष्ठित विषय विशेषज्ञों से शोध-पत्र आमंत्रित किए गए थे। विशेषज्ञों को विभिन्न तकनीकी सत्रों की अध्यक्षता करने और अपने अकादमिक अनुभव से चर्चा को समृद्ध करने के लिए आमंत्रित किया गया।
सम्मेलन में बिहार के पूर्व पुलिस महानिदेशक डीएन गौतम, उत्कल विश्वविद्यालय की डॉ. प्रतिमा सारंगी, एमएस रामैया यूनिवर्सिटी ऑफ एप्लाइड साइंसेज के डॉ. वी. विजयकुमार, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के डॉ. महेश देबता, इग्नू के प्रो. सतीश कुमार सिंह, बेंगलुरु विश्वविद्यालय के प्रो. सुरेंद्र कुमार, दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रो. सुधीर कुमार सिंह, जादवपुर विश्वविद्यालय के प्रो. ईशान नस्कर सहित कई शिक्षाविदों एवं शोधकर्ताओं की सहभागिता रही।
इस अवसर पर अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, राज्य प्रशिक्षण नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह सहित निर्वाचन विभाग के पदाधिकारी, शिक्षाविद्, शोधकर्ता, विद्यार्थी, छात्र स्वयंसेवक और राष्ट्रीय स्तर के मास्टर ट्रेनर उपस्थित रहे।
